जिला कांग्रेस अध्यक्ष आर. प्रसन्नकुमार ने कहा
अंजनापुर जलाशय को कांग्रेस ने अर्पित किया बागिन
शिवमोग्गा। कांग्रेस की ओर से शिकारीपुर तालुक के अंजनापुर जलाशय को बागिन (गंगा पूजा) अर्पित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आर. प्रसन्नकुमार ने कहा कि राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच प्रकृति की पूजा करने का अवसर मिलना खुशी की बात है।
सिंचाई को प्राथमिकता देने का दावा
प्रसन्नकुमार ने कहा कि शिकारीपुर तालुक में सिंचाई को प्राथमिकता देते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने पहले चरण में 250 करोड़ रुपए का अनुदान दिया था। राज्य के कई हिस्सों में सूखे की स्थिति के बावजूद शिकारीपुर तालुक के अंजनापुर और अंबलीगोल जलाशय भरे हुए हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों में खुशी है।
उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के कार्यकाल में शुरू की गई ‘भूख मुक्त कर्नाटक’ की अवधारणा के तहत ‘अन्नभाग्य’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा गरीबों और आम जनता के हित में काम करती रही है।
किसानों के हित में कांग्रेस : मालतेश
केपीसीसी सदस्य गोणी मालतेश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के हित में खड़ी रही है। मैसूर के तत्कालीन राजाओं के दौर में अंजनापुर सहित कई जलाशयों का निर्माण हुआ था और बाद में कांग्रेस शासनकाल में भी अनेक बांधों का निर्माण किया गया। दोनों जलाशयों के भरने से किसानों में उत्साह है।
कांग्रेस महिला इकाई की अध्यक्ष एवं केपीएमसी महासचिव पुष्पा शिवकुमार ने कहा कि जलाशय को बागिन अर्पित करना भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। गंगा माता को सम्मान देने का यह अवसर सौभाग्य की बात है।
बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं
तालुक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पारिवालदा शिवराम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रकृति के सामने पद, प्रतिष्ठा और अहंकार का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं के कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्वेता बंडी, नगर निकाय सदस्य उल्ली दर्शन, केडीपी सदस्य राघवेंद्र नायक, महासचिव कृष्णा राव, पीएलडी बैंक अध्यक्ष सुवर्णम्मा, नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोशन तथा एन.वी. ईरेश, बडग़ी फालाक्षप्पा, नगर मालतेश, मंजा नायक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

