13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची जारी
कर्नाटक के नेताओं ने दी बधाई
विजयेंद्र ने कहा संगठन को मिलेगा नया बल
हुब्बल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने नए पदाधिकारियों की सूची जारी करते हुए 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य और हुब्बल्ली के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. एम. नागराज को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नियुक्ति के बाद कर्नाटक भाजपा में उत्साह का माहौल है और पार्टी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
हाल ही में कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए प्रो. एम. नागराज को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली है।
विजयेंद्र ने दी शुभकामनाएं
कर्नाटक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने प्रो. एम. नागराज को बधाई देते हुए कहा कि उनका लंबा अनुभव, वैचारिक दृष्टिकोण और संगठनात्मक दक्षता राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन को और मजबूती प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि आपके दीर्घकालीन अनुभव, वैचारिक चिंतन और संगठनात्मक विशेषज्ञता से राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन को नई शक्ति मिलेगी। विश्वास है कि नई जिम्मेदारी के निर्वहन में भी आप पूर्ण रूप से सफल होंगे।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में नागराज
भाजपा के नए राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोषी, डॉ. भारती प्रवीन पवार, सरदार मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र खर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों और राष्ट्रीय उपाध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, उत्साह और जमीनी स्तर से जुड़ाव का बेहतर समन्वय है। पार्टी को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने में यह टीम अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

