बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा
हेब्री (उडुपी)। उडुपी-हेब्री-तीर्थहल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेब्री केलपेटे, अनंत पद्मनाभ मंदिर के पास, पुराने पुलिस थाने के सामने और सोसायटी के सामने सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
पानी से भरे गड्ढे बने खतरा
गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालक अचानक उनमें गिर रहे हैं। कई बाइक सवार यहां फिसलकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।
हर वर्ष बारिश के मौसम में इसी स्थान पर गड्ढे बनने की समस्या सामने आती है। हेब्री मुख्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के बाद गड्ढों की मरम्मत में देरी हो रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन दूसरे क्षेत्रों से आने वाले हजारों वाहन गुजरते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
हर साल वही समस्या
हेब्री केलपेटे में हर वर्ष नालियों का पानी सडक़ पर बहने से गड्ढे बन जाते हैं। लोगों के विरोध के बाद सडक़ पर कंक्रीट डालकर अस्थायी मरम्मत की जाती है, लेकिन अगले साल फिर उसी स्थान पर गड्ढे हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
राहगीरों पर पड़ रहा कीचड़
वाहनों के तेज गति से गुजरने पर गड्ढों में जमा कीचडय़ुक्त पानी राहगीरों और स्कूली बच्चों पर पड़ता है। इससे विद्यार्थियों को विशेष परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से नालियों की उचित देखभाल नहीं हुई है। हेब्री-कार्कल राज्य मार्ग के एण्णेहोले क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीण सडक़ों की स्थिति भी खराब है और कई जगह गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है।
‘जल्द कराएं सडक़ की मरम्मत’
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बड़े गड्ढों को अधिकारी तत्काल भरें और दुर्घटनाओं को रोकें। इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में एंबुलेंस भी गुजरती हैं। स्कूली बच्चे भी इस सडक़ पर निर्भर हैं, इसलिए जल्द मरम्मत जरूरी है।
–कुच्चूर श्रीकांत पूजारी, सामाजिक कार्यकर्ता
सडक़ की मरम्मत कराई जाएगी
समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिल्ली को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा। फिलहाल अस्थायी रूप से सडक़ की मरम्मत कराई जाएगी।
–शशिधर, अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

