कलबुर्गी महानगर निगम के 24वें कार्यकाल में अजमल अहमद गोला मेयर, फरहानाज खुसरो जहागीरदार उपमेयर निर्वाचित
कलबुर्गी। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे कलबुर्गी महानगर निगम के 24वें कार्यकाल के मेयर और उपमेयर चुनाव में कांग्रेस ने अपेक्षा के अनुरूप अपना दबदबा कायम रखा। कांग्रेस के वार्ड संख्या 21 के पार्षद अजमल अहमद गोला मेयर और वार्ड संख्या 20 की पार्षद फरहानाज खुसरो जहागीरदार उपमेयर निर्वाचित हुईं।
शनिवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को 35 मत, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 29 मत मिले। इसके साथ ही दोनों कांग्रेस नेताओं ने महानगर निगम के 24वें कार्यकाल की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभाल ली।
पिता के बाद बेटे ने संभाली कुर्सी
अजमल अहमद गोला के मेयर निर्वाचित होने के साथ ही यह चुनाव खास बन गया है। उनके पिता जमीर अहमद गोला भी पूर्व में कलबुर्गी महानगर निगम के मेयर रह चुके हैं। अब पिता के बाद बेटे के भी मेयर बनने से एक ही परिवार की दो पीढिय़ों द्वारा इस पद को संभालने का संयोग बना है।
मेयर और उपमेयर का चुनाव 7 अगस्त को होना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। संभागीय आयुक्त जाहिरा नसीम द्वारा 29 अगस्त को चुनाव कराने की संशोधित अधिसूचना जारी किए जाने के बाद शनिवार को मतदान कराया गया।
चुनाव के बाद सांसद राधाकृष्ण दोडमनी, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक अल्लमप्रभु पाटील, उत्तर विधानसभा क्षेत्र की विधायक कनीज फातिमा, महानगर निगम आयुक्त अविनाश शिंदे सहित अधिकारियों और पार्षदों ने नवनिर्वाचित मेयर एवं उपमेयर को बधाई दी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

