विधायक ने सीएम से की जांच की मांग
ठेकेदारों से सात प्रतिशत तक अतिरिक्त राशि वसूली और धमकाने का आरोप
निष्पक्ष जांच तक निलंबन या तबादले की मांग
मेंगलूरु। पुत्तूरु से कांग्रेस विधायक अशोक कुमार राई ने मेंगलूरु स्थित कर्नाटक ग्रामीण अवसंरचना विकास लिमिटेड (केआरआइडीएल) के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और व्यापक विभागीय जांच कराने की मांग की है।
विधायक ने केआरआइडीएल के कार्यकारी अभियंता विजय और कनिष्ठ अभियंता प्रज्वल के खिलाफ शिकायतों का उल्लेख करते हुए कहा है कि विकास कार्यों के ठेकेदारों को कथित रूप से परेशान किया जा रहा है। आरोप है कि जिला प्रभारी मंत्री और विभागीय मंत्री को मासिक राशि देनी पड़ती है, ऐसा कहकर ‘केआरआइडीएल शुल्क’ के नाम पर सात प्रतिशत तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। राशि को लेकर सवाल उठाने वाले ठेकेदारों को कथित तौर पर धमकाने की शिकायतें भी मिली हैं।
जांच पूरी होने तक कार्रवाई की मांग
राई ने मुख्यमंत्री से कहा कि सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और नियमों का पालन आवश्यक है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे सरकारी धन के दुरुपयोग के साथ विभाग की प्रतिष्ठा और जनता के विश्वास को भी नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने जांच पूरी होने तक आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित करने या प्रशासनिक हित में अन्यत्र स्थानांतरित करने पर विचार करने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि जांच में आरोप सिद्ध होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सेवा एवं विभागीय नियमों के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही सरकारी धन को नुकसान पहुंचने या अवैध रूप से राशि वसूलने की पुष्टि होने पर संबंधित रकम की वसूली के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

