हृदयाघात के बाद समय पर उपचार नहीं मिलने का दावा
परिजनों और ग्रामीणों ने सरकारी अस्पताल के बाहर किया प्रदर्शन
चिक्कमगलूरु। जिले के तरीकेरे तालुक के हले लक्कवल्ली में हृदयाघात से पीडि़त एक महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए सरकारी एंबुलेंस नहीं भेजने और इसके लिए पैसे मांगने का आरोप सरकारी अस्पताल के चिकित्सक पर लगा है। समय पर उपचार नहीं मिलने से महिला की मौत होने का आरोप लगाते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया।
मृतका की पहचान सुशीला (41) के तौर पर की गई है। परिजनों के अनुसार, सुशीला को दोपहर में अचानक हृदयाघात हुआ। उसे अस्पताल ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस भेजने का अनुरोध किया गया, लेकिन चिकित्सक ने कथित तौर पर पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने के कारण शाम तक एंबुलेंस नहीं भेजी गई।
108 एंबुलेंस से ले गए शिवमोग्गा
परिजनों ने बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला को शिवमोग्गा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने लक्कवल्ली सरकारी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर भी नाराजगी व्यक्त की और लक्कवल्ली सरकारी अस्पताल में स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति करने की मांग की।
घटना लक्कवल्ली पुलिस थाना क्षेत्र की है। चिकित्सक द्वारा एंबुलेंस के लिए पैसे मांगने और कथित लापरवाही से महिला की मौत के आरोपों की जांच की मांग की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

