प्रेमिका को मौके पर बुलाने की जिद
पुलिस और दमकलकर्मियों ने घंटों चलाया बचाव अभियान
रायचूर। प्रेमिका द्वारा संबंध स्वीकार नहीं करने से आहत एक युवक ने शनिवार शाम देवदुर्ग कस्बे में मोबाइल टावर पर चढक़र आत्महत्या की धमकी दी। युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारियों को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घटना से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
टावर पर चढऩे वाले युवक की पहचान कोप्पल निवासी राजू के तौर पर की गई है। बताया गया है कि बेंगलूरु में काम करने के दौरान वह देवदुर्ग तालुक की एक युवती के संपर्क में आया और उससे प्रेम करने लगा था। हाल में युवती ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया, जिससे वह परेशान था।
पत्र फेंककर दी आत्महत्या की धमकी
राजू ने टावर से एक पत्र नीचे फेंका, जिसमें उसने लिखा था कि यदि युवती उसका प्रेम स्वीकार नहीं करती है तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद उसने पुलिस से युवती को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और राजू को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया। दमकल विभाग की सहायता से बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन युवक नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुआ।
रात करीब आठ बजे तक वह टावर पर ही डटा रहा और युवती को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। अंतत: पुलिस ने युवती को मौके पर बुलाया, जिसके बाद राजू टावर से नीचे उतर आया।
इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। घटना के कारण देवदुर्ग कस्बे में कई घंटे तक लोगों में चिंता और तनाव का माहौल बना रहा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

