दिल्ली में सीआइडी ने दबोचा, बीदर में घरों पर एक साथ छापे
बीदर। कर्नाटक लोकसेवा आयोग (केपीएससी) की ओर से आयोजित पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में कथित अनियमितता के मामले में सीआइडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीदर निवासी भाजपा नेता बसवराज कन्नाली को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। कन्नाली को मामले का कथित मुख्य सूत्रधार बताया जा रहा है। उस पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने का आरोप है।
बीदर में ठिकानों पर तलाशी
कन्नाली की गिरफ्तारी के बाद सीआइडी की टीमों ने बीदर जिले में उसके ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। भालकी तालुक की लेक्चरर कॉलोनी स्थित मकान और डोणगापुर गांव स्थित पैतृक निवास की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।
जांच का दायरा बढऩे के संकेत
कन्नाली के बारे में बताया जाता है कि वह पहले भी कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के मामलों में सक्रिय रहा है। पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में भी उसकी कथित भूमिका की जांच की जा रही है। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री अश्वथ नारायण तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र से उसके करीबी संबंध होने की चर्चा के बीच गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
सीआइडी अब भर्ती में कथित अनियमितता के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। कन्नाली की गिरफ्तारी से मामले में शामिल अन्य लोगों और प्रभावशाली व्यक्तियों तक जांच पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों की तलाशी और पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

