तहसील और होबली स्तर पर सुनवाई
स्थानीय स्तर पर ही जनसमस्याओं के समाधान के निर्देश
मणिपाल (उडुपी)। आम लोगों की शिकायतें सुनकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान करने के उद्देश्य से सरकार के निर्देशानुसार 5 सितंबर से प्रत्येक शनिवार तहसील और होबली स्तर पर ‘प्रजासेवा आंदोलन’ बैठकें आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी स्वरूपा टी.के. ने अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वरूपा ने कहा कि पहले और तीसरे शनिवार जिला प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में तथा स्थानीय विधायकों की मौजूदगी में तहसील स्तर की बैठकें होंगी। वहीं दूसरे और चौथे शनिवार स्थानीय विधायक की अध्यक्षता में होबली और ग्राम पंचायत केंद्रों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी।
विभाग लगाएंगे सेवा-सुविधा के स्टॉल
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनता अधिक से अधिक संख्या में इन बैठकों में पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विभिन्न विभाग अपने स्टॉल लगाकर उपलब्ध सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दें। पात्र लाभार्थियों को सुविधाएं वितरित करने की व्यवस्था भी तहसील स्तरीय बैठकों में की जाए।
घर-घर पहुंचेंगे आवेदन पत्र
बैठक की तारीख से 15 दिन पहले संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी घर-घर जाकर शिकायतों से संबंधित पूर्व-मुद्रित आवेदन पत्र उपलब्ध कराएंगे। बैठक स्थल पर कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के साथ विभागवार काउंटर स्थापित किए जाएंगे।
जिला स्तर के अधिकारियों की बैठकों में अनिवार्य उपस्थिति रहेगी और उन्हें जनता की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करनी होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिस दिन ‘प्रजासेवा आंदोलन’ की बैठक हो, उस दिन संबंधित विभाग कोई अन्य बैठक निर्धारित न करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आबिद गद्याल, अपर पुलिस अधीक्षक सुधाकर नायक, जिला पंचायत उप सचिव एस.एस. काद्रोली सहित जिला स्तरीय अधिकारी और तहसीलदार उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

