बैंक ऑफ इंडिया के स्थापना दिवस पर 5 किमी वॉकथॉन
1,200 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
हुब्बल्ली। जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ और बेहतर जीवनशैली अपनानी चाहिए। इससे वे अपने स्वास्थ्य की रक्षा के साथ जीवन में सफलता की ओर आगे बढ़ सकते हैं।
बैंक ऑफ इंडिया के 121वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के तोळनकेरे सर्कल में आयोजित 5 किलोमीटर वॉकथॉन को रवाना करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी तथा नैतिक मूल्यों को अपनाना चाहिए। कठिन परिश्रम के माध्यम से जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है।
मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए योगदान
बैंक ऑफ इंडिया के हुब्बल्ली-धारवाड़ क्षेत्रीय प्रबंधक तारिणी चरण साहू ने कहा कि एकजुट होकर टीम भावना से काम करने पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवाएं प्रदान करना तथा मजबूत अर्थव्यवस्था और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना बैंक की प्रतिबद्धता है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ और ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ आयोजित वॉकथॉन तोळनकेरे सर्कल से शुरू होकर काडसिद्धेश्वर कला महाविद्यालय सर्कल होते हुए पुन: तोळनकेरे पहुंचा।
इसमें बैंक कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों सहित 1,200 से अधिक लोगों ने भाग लिया। विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक अभिनव पांडे, विधायक एम.आर. पाटील और सहायक श्रम आयुक्त मंजुनाथन उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

