25 सितंबर को भव्य विसर्जन
अधिक मास के चलते महोत्सव की अवधि बढ़ी
14 सितंबर को होगी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना
हुब्बल्ली। अधिक मास के चलते इस वर्ष हुब्बल्ली में गणेशोत्सव 12 दिनों तक मनाने का निर्णय लिया गया है। 14 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होगी और 25 सितंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ विसर्जन किया जाएगा। यह निर्णय हुब्बल्ली सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों के महामंडल की मूरुसाविर मठ के विद्यावर्धक संघ सभागार में हुई साधारण सभा में सर्वसम्मति से लिया गया।
18 और 22 सितंबर को भी विसर्जन
निर्णय के अनुसार 14 सितंबर को प्रतिमा स्थापना, 18 सितंबर को पांचवें दिन और 22 सितंबर को नौवें दिन की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। वहीं 25 सितंबर को 12वें दिन की गणेश प्रतिमाओं का भव्य जुलूस निकालकर विसर्जन किया जाएगा। सामान्यत: शहर में गणेशोत्सव 11वें दिन संपन्न होता रहा है।
महामंडल के उपाध्यक्ष शांतराज पोळ ने कहा कि शहर में 900 से अधिक सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। सभी गणेशोत्सव समितियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को पर्व की संस्कृति और परंपरा से परिचित कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि मैसूरु दशहरा की तर्ज पर हुब्बल्ली में गणेशोत्सव मनाया जाना चाहिए। उत्सव को भव्य बनाने के लिए सरकार को अनुदान देना चाहिए।
पीओपी प्रतिमा से लेकर सुरक्षा तक मंथन
बैठक में पीओपी गणेश प्रतिमाओं पर रोक, विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, कचरा निस्तारण, डीजे के उपयोग, पारंपरिक वाद्य कलाकारों को प्रोत्साहन, प्रतिमा स्थापना की अनुमति, पार्किंग, पेयजल, विसर्जन कुंडों की सफाई, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चंदा संग्रह और पुलिस सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
अध्यक्षता माजेठिया फाउंडेशन के चेयरमैन जितेंद्र माजेठिया ने की। महामंडल के सचिव अमरेश हिप्परगी, एस.एस. कमडोल्लीशेट्टर, उद्योगपति श्रीनिवास एकबोटे, श्रीनिवास बोचगेरी, अनिता जड़ी, आइ.बी. बीरोल्ली, मोहन पत्तार, पांडुरंग मेहरवाड़े, महेश शेट, भीमाशंकर हिरेमठ सहित पदाधिकारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

