एसआइआर के तहत असामान्य त्रुटियों व मैपिंग नहीं होने वाले नामों की जांच
4,155 की सुनवाई पूरी
होसपेट (विजयनगर)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत जिले में असामान्य त्रुटियों वाले तथा मैपिंग नहीं हो पाए 30,622 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें से अब तक 24,601 लोगों को नोटिस पहुंच चुका है, जबकि 6,021 लोगों को नोटिस देना बाकी है।
नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई के लिए तहसीलदार कार्यालय, नगर परिषद, नगरपालिका, नगर पंचायत समेत अन्य निर्धारित कार्यालयों में मतदाता सुनवाई केंद्र स्थापित किए गए हैं। नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर संबंधित केंद्र पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अब तक 4,155 मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
नहीं आने वालों से दोबारा संपर्क
अपर जिलाधिकारी पी.एन. लोकेश ने बताया कि नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर सुनवाई के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है। जो लोग निर्धारित समय में नहीं पहुंच रहे हैं, उनसे दोबारा संपर्क कर सुनवाई के लिए बुलाया जा रहा है। अब तक लोगों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और 23 सितंबर तक समय होने के कारण छूटे हुए नामों को फिर से मतदाता सूची में शामिल करने में सफलता मिलने की उम्मीद है।
दस्तावेज के लिए प्रशासन की मदद
नोटिस पाने वाले मतदाताओं को सुनवाई के दौरान निवास प्रमाण-पत्र और जाति प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिला प्रशासन के अनुसार निवास प्रमाण-पत्र पहले से नि:शुल्क जारी किए जा रहे हैं। जाति प्रमाण-पत्र भी जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
नोटिस प्राप्त लोगों की सुनवाई जिले में व्यवस्थित तरीके से की जा रही है। प्रक्रिया में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
–कविता एस. मन्निकेरी, जिलाधिकारी
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

