पूर्व दुश्मनी को लेकर सडक़ पर भिड़े बदमाश
पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज किया मामला
मेंगलूरु। शहर के बाहरी क्षेत्र कन्नूर के गाणदबेट्टु जंक्शन के पास दो गिरोहों के बीच तलवारें लहराकर कथित तौर पर गैंगवार करने के प्रयास का मामला सामने आया है। कंकनाडी नगर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात दो कारों में आए दोनों गिरोहों के सदस्य सडक़ पर तलवारें लेकर एक-दूसरे से गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकियां दीं। घटना की जानकारी मिलने पर 10 सितंबर को कंकनाडी थाना निरीक्षक शिवकुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।
मामले में राउडीशीटर डील नौफाल, उसके सहयोगी अम्मी कोट्टु निजाम सहित अन्य तथा हाल में मृत टोप्पी नौफाल के सहयोगी राउडीशीटर अंसार, आसिफ उर्फ मोप्पु आची, इकबाल उर्फ पापु समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी दुश्मनी है। तलवारें लहराते हुए दोनों एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोपियों के डर से स्थानीय लोग पुलिस में शिकायत करने से भी हिचक रहे थे।
सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर भय पैदा करने, जान से मारने की धमकी देने और शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वत: मामला दर्ज किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

