कार्कल और पडुबिद्री में छापे; कई वाहन और मशीनरी जब्त
कार्कल/पडुबिद्री (उडुपी)। कार्कल और पडुबिद्री थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से पत्थर खनन, परिवहन और क्रशर में पत्थर की गिट्टी बनाकर बिक्री करने के आरोप में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान कई वाहन और मशीनरी जब्त की गई।
कुंटाडी में क्वारी पर छापा
10 सितंबर को कार्कल ग्रामीण थाने के पीएसआई प्रसन्न एम.एस. ने कुंटाडी मार्ग पर संदिग्ध हालत में जा रहे टिपर का पीछा किया। क्वारी में दो टिपरों में पत्थर लदे मिले, जबकि एक हिटाची मशीन भी मौजूद थी। बिना अनुमति विस्फोटक का इस्तेमाल कर पत्थर तोडऩे और परिवहन का आरोप सामने आने पर हरीश शेट्टी, संतोष शेट्टी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन टिपर और एक हिटाची जब्त की गई।
लाइसेंस समाप्त क्रशर पर कार्रवाई
11 सितंबर को पुलिस ने कल्या गांव के एक क्रशर पर छापा मारकर तीन हिटाची, तीन टिपर, एक डंपर, क्रशर इकाई और करीब 20 लोड गिट्टी-पत्थर बरामद किए। खनन एवं भूविज्ञान विभाग ने क्रशर का लाइसेंस कई वर्ष पहले समाप्त होने की पुष्टि की। मोहम्मद शफी और रंजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर चार टिपर, तीन हिटाची, क्रशर इकाई और 20 लोड गिट्टी जब्त की गई।
सांतूर में 40 यूनिट गिट्टी जब्त
पडुबिद्री पुलिस ने सांतूर में छापा मारकर सरकारी जमीन से पत्थर चोरी कर गिट्टी बनाने के आरोप में प्रभाकर शेट्टी सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। दो लॉरी, एक जेसीबी और करीब 40 यूनिट गिट्टी जब्त की गई।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

