महाराष्ट्र सीमा से सटे कनकनाल गांव के बेनकनल्ली बस्ती में गहराया पेयजल संकट
बहु-गांव जलापूर्ति चार-पांच दिन में एक बार
पशुओं के लिए भी पानी का संकट
होर्ती (विजयपुर)। महाराष्ट्र सीमा से सटे कनकनाल गांव की बेनकनल्ली बस्ती में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। करीब 40 घरों वाली इस बस्ती के बोरवेल सूख चुके हैं और बहु-गांव पेयजल योजना से भी चार-पांच दिन में एक बार पानी पहुंच रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस वर्ष बारिश के मौसम में पर्याप्त वर्षा नहीं होने से गांव के कुएं, बोरवेल और छोटे जलस्रोत सूख गए हैं। भूजल स्तर लगातार नीचे जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इसका असर केवल ग्रामीणों पर ही नहीं, बल्कि पशुओं के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया है।
अभी से यह हाल, गर्मियों में क्या होगा?
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में ही पानी की समस्या पैदा हो गई है। ऐसे में गर्मी के दिनों में हालात और बिगडऩे की आशंका है। ग्रामीणों ने विधायक, जिलाधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत के पूर्व सदस्य प्रकाश पाटील सहित सुशीलाबाई बेनकनल्ली, मालाश्री बेनकनल्ली, रूपा बेनकनल्ली, जनाबाई बेनकनल्ली, भारती बेनकनल्ली, सत्यव्वा साबू बेनकनल्ली, राजू, साबू, काशीराम और शरणप्पा बेनकनल्ली समेत अन्य ग्रामीणों ने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
पानी की टंकी भी बनी शोपीस
ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती की पानी की टंकी में भी कई सप्ताह से नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे टंकी होने के बावजूद उसका अपेक्षित लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने टंकी और जलापूर्ति व्यवस्था की तत्काल मरम्मत कर नियमित पानी देने की मांग की है।
मोटर खराब है, जल्द होगी मरम्मत
इंचगेरी के पंचायत विकास अधिकारी वी.पी. राठौड़ ने बताया कि बेनकनल्ली बस्ती की पानी की टंकी तक पानी पहुंचाने वाली मोटर खराब है और मरम्मत के लिए भेजी गई है। मोटर की जल्द मरम्मत कर पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

