गणेशोत्सव में लकड़ी-गैस से खाना बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध
सुरक्षा का हवाला देकर जारी आदेश से वर्षों पुरानी परंपरा पर लगी रोक
हुब्बल्ली। उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (एनडब्ल्यूकेआरटीसी) के हुब्बल्ली ग्रामीण मंडल की सुरक्षा एवं सतर्कता शाखा के एक नए आदेश ने निगम कर्मचारियों के बीच चर्चा छेड़ दी है। गणेश चतुर्थी के दौरान बस डिपो, मंडलीय कार्यशाला और बस अड्डों के परिसर में लकड़ी या गैस का इस्तेमाल कर प्रसाद बनाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
हुब्बल्ली ग्रामीण मंडल के मंडलीय नियंत्रक की ओर से 12 सितंबर को जारी आदेश में अग्नि सुरक्षा और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर 29 जुलाई 2025 के परिपत्र के खंड 10 की उपधारा 11 का हवाला दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि डिपो और कार्यशालाओं में डीजल टैंक, ज्वलनशील सामग्री तथा बड़ी संख्या में बसें मौजूद रहती हैं। ऐसे में आग की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए लकड़ी या गैस से खाना पकाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
आदेश में गणेश चतुर्थी और अन्य त्योहारों के दौरान इसका उल्लंघन कर खाना पकाने पर संबंधित इकाई के प्रमुख के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
कई वर्षों से चली आ रही थी परंपरा
हुब्बल्ली ग्रामीण मंडल के हुब्बल्ली ग्रामीण-1, हुब्बल्ली ग्रामीण-2, हुब्बल्ली ग्रामीण-3, नवलगुंद और कलघटगी सहित कई इकाइयों में 14 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। कर्मचारियों की ओर से हर वर्ष सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना के बाद नैवेद्य और प्रसाद तैयार कर वितरित किया जाता रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि डिपो में कार्यरत कर्मचारियों के सामूहिक सहभागिता का अवसर भी रहा है। इस बार अचानक प्रसाद तैयार करने पर रोक लगाए जाने से कुछ कर्मचारी नाराज हैं।
सुरक्षा जरूरी, लेकिन विकल्प दिया जाए
कर्मचारियों के एक वर्ग का कहना है कि डीजल और ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी के कारण आग से सुरक्षा के उपाय जरूरी हैं, लेकिन वर्षों से चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा पर पूरी तरह रोक लगाने के बजाय सुरक्षित तरीके से प्रसाद तैयार करने की व्यवस्था की जा सकती थी।
वहीं निगम के आदेश का आधार अग्नि सुरक्षा बताया गया है और डिपो तथा कार्यशाला परिसर में आग की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए लकड़ी और गैस से खाना पकाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अब कर्मचारियों की नजर इस बात पर है कि प्रसाद वितरण के लिए निगम प्रशासन कोई वैकल्पिक व्यवस्था करता है या नहीं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

