बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति ठप
किसान परेशान, सूखने लगी कपास-सब्जियों की फसल
स्कूल में भी पानी का संकट
हुब्बल्ली। धारवाड़ तालुक के जिरीगवाड़ गांव में पिछले दो दिनों से बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है और ग्रामीणों को पानी के लिए आसपास के गांवों का रुख करना पड़ रहा है।
कोटबागी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाला जिरीगवाड़ गांव बेलगावी जिले की सीमा से सटा है और यहां एक हजार से अधिक आबादी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार, उप्पिनबेटगेरी हेस्कॉम उपखंड के अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर खराब होने की जांच की थी और वैकल्पिक ट्रांसफार्मर लगाने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक व्यवस्था बहाल नहीं हुई है।
फसलें सूखने लगीं, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
ग्रामीण महादेवप्पा होंगल ने बताया कि बारिश की कमी के कारण फसलों की सिंचाई के लिए बोरवेल पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से कपास और सब्जियों की फसलें सूखने लगी हैं।
किसान गुरुपादप्पा गोवनकोप्पा ने कहा कि शाम होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, पीने के पानी के लिए ग्रामीणों को पड़ोसी गांवों में जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की समस्या के कारण बोरवेल में भी बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है। इसकी जानकारी हेस्कॉम अधिकारियों को देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही।
स्कूल में भी पानी का संकट
गांव के सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में 100 से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्कूल में भी पानी की समस्या पैदा हो गई है। फिलहाल पड़ोसी गांव से पानी लाकर काम चलाया जा रहा है।
प्रधानाध्यापिका चंपा नरेगल ने कहा कि समस्या दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को स्थायी और एहतियाती व्यवस्था करनी चाहिए।
जल्द बहाल होगी बिजली
कोटबागी ग्राम पंचायत की विकास अधिकारी शशिरेखा चक्रसाली ने बताया कि ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने के साथ पेयजल आपूर्ति के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

