कोप्पल में पांचवें दिन की विसर्जन शोभायात्रा के दौरान हंगामा
पुलिस से नोकझोंक के बाद युवाओं ने लगाए नारे
पुलिस के बल प्रयोग से बढ़ा तनाव
कुछ देर तक जवाहर रोड पर बनी रही स्थिति तनावपूर्ण
कोप्पल। गणेश प्रतिमाओं के पांचवें दिन विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार देर रात शहर के जवाहर रोड पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस ने डीजे बंद करा दिया। इससे नाराज गणेश प्रतिमा स्थापना समितियों के सदस्यों ने विरोध जताया। पुलिस द्वारा गणेश प्रतिमाओं को आगे बढ़ाने का आग्रह किए जाने के बाद विवाद और बढ़ गया।
आक्रोशित युवा गणेश प्रतिमाओं के साथ सडक़ पर ही बैठ गए और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जय श्रीराम और मोदी-मोदी के नारे लगाए गए। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि हिंदू त्योहारों के दौरान ही इस तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं।
प्रदर्शन के कारण जवाहर रोड पर कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। युवाओं और पुलिस के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चलती रही। इस दौरान मौके पर भीड़ बढऩे से धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर युवाओं को वहां से हटाया।
विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बंद कराने और प्रतिमाओं को आगे बढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात तक चर्चा का विषय बना रहा। घटना के दौरान पुलिस और गणेशोत्सव समितियों के बीच तनाव की स्थिति देखने को मिली।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

