गुंडिबैलु में नालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गंदा पानी बरसाती नाले में छोड़े जाने का आरोप
30 से अधिक परिवार परेशान, दुर्गंध और मच्छरों से बढ़ी बीमारी की आशंका
उडुपी। शहर के गुंडिबैलु मुख्य मार्ग से सटे बरसाती नाले में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सीवरेज का गंदा पानी छोड़े जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। नाले में लगातार बह रहे दूषित पानी से आसपास के कुओं का पानी भी प्रभावित होने की आशंका है। इससे क्षेत्रवासियों में बीमारी फैलने का डर बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कभी इसी नाले के पानी का इस्तेमाल धान की खेती के लिए किया जाता था। अब यही नाला गंदगी और दुर्गंध का स्रोत बन गया है। बारिश के दौरान पानी की मात्रा अधिक होने से समस्या कुछ कम नजर आती है, लेकिन बारिश थमते ही नाले में मुख्य रूप से सीवरेज का गंदा पानी बहता रहता है।
एक महीने से बढ़ी परेशानी
नाले से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को नाक पर कपड़ा रखने की नौबत आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक महीने से समस्या गंभीर हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
गंदे पानी के लगातार बहने से नाले में मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। इससे संक्रामक बीमारियों की आशंका बढऩे की बात स्थानीय लोगों ने कही है। गुंडिबैलु क्षेत्र के कई परिवार कुएं के पानी पर निर्भर हैं। कुछ कुओं के पानी से भी अब दुर्गंध आने की शिकायत की गई है।
30 से अधिक परिवार प्रभावित
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गुंडिबैलु-निट्टूर क्षेत्र के 30 से अधिक घर इस समस्या से प्रभावित हैं। कुछ लोगों का आरोप है कि सीवरेज का पानी उचित तरीके से आगे नहीं बह पाने के कारण बरसाती नाले में पहुंच रहा है।
नदी तक पहुंच रहा दूषित पानी
स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई है कि बरसाती नाले से बहता दूषित पानी आगे नदी में मिल रहा है। इससे नदी का पानी भी प्रदूषित होने का खतरा है। लोगों ने मांग की है कि बरसाती पानी की निकासी के लिए बने नाले में सीवरेज या अन्य गंदा पानी छोडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
स्थानीय निवासी सुरेश पूजारी ने कहा कि गुंडिबैलु के बरसाती नाले में कई दिनों से गंदा पानी बह रहा है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग ने कार्रवाई नहीं की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

