आग लगने से पहले शेड के आसपास संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच तेज
बेलगावी। गणेशोत्सव के दौरान छह लोगों की जान लेने वाले अग्निकांड में अब पूर्वनियोजित साजिश की आशंका ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। आग लगने से कुछ समय पहले शेड के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
शहर के चवाट गली के निकट ढोर गली स्थित टिन शेड में रहने वाले धमोने परिवार के छह सदस्यों की 14 सितंबर की रात गणेश प्रतिमा स्थापना के बाद लगी आग में मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले एक व्यक्ति हाथ में बाल्टी लेकर शेड के पास आता दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद वही व्यक्ति बाल्टी के बिना वहां से तेजी से जाता हुआ सीसीटीवी फुटेज में नजर आया है। इस फुटेज के आधार पर मार्केट थाना पुलिस संदिग्ध की पहचान और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
बाल्टी में क्या था?
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि संदिग्ध व्यक्ति बाल्टी में पेट्रोल या मिट्टी का तेल लेकर तो नहीं आया था। साथ ही आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण लगाई गई, इसकी भी जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना की सभी संभावित वजहों की पड़ताल कर रही है। छह मौतों के इस मामले में आग हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश, जांच पूरी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

