दो सप्ताह में घर-घर फैल रहे सर्दी-खांसी और बुखार के मामले
सरकारी अस्पताल में 700 से अधिक मरीज पहुंचे
कार्कल (उडुपी)। बारिश का दौर कमजोर पड़ते ही मौसम में आए बदलाव का असर अब स्वास्थ्य पर दिखाई देने लगा है। कार्कल तालुक में पिछले कुछ दिनों से वायरल बुखार, सर्दी और खांसी के मामलों में तेजी आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले दो सप्ताह से कई घरों में एक व्यक्ति के बीमार पडऩे के बाद दो-तीन दिन के अंतराल में दूसरे सदस्य में भी समान लक्षण सामने आ रहे हैं।
कार्कल तालुक सरकारी अस्पताल में पिछले कुछ दिनों में 700 से अधिक लोगों ने बुखार और सर्दी के लक्षणों को लेकर उपचार कराया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है।
एक से दूसरे तक तेजी से फैल रहा संक्रमण
वायरल बुखार के संक्रमण की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने लक्षण वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बुखार, सर्दी या खांसी होने पर मास्क पहनने, गर्म पानी पीने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार सर्वेक्षण और आवश्यक उपचार लगातार जारी है।
डेंग्यू को लेकर भी सतर्कता जरूरी
बारिश के बाद कई जगह पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा डेंग्यू की रोकथाम में सहयोग की अपील की है। पिछले छह महीनों में डेंग्यू के 19, एच1एन1 के 5, लेप्टोस्पायरोसिस के 12 और क्षय रोग के 101 मामले सामने आए हैं। इनमें करीब 90 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि बाकी उपचार के बाद स्वस्थ हो रहे हैं।
घबराएं नहीं, सावधानी बरतें
तालुक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप कुडवा ने कहा कि मौसम परिवर्तन के दौरान वायरल बुखार और सर्दी के मामलों में वृद्धि सामान्य है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। समय पर उपचार, पर्याप्त आराम और पौष्टिक आहार से राहत मिल सकती है। तालुक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

