गंजीपेट से हेग्गेरी और क्वाइन रोड तक गंदगी का अंबार, आवारा मवेशियों ने बढ़ाई मुश्किल
हुब्बल्ली। स्मार्ट सिटी के दावों के बीच शहर की सडक़ों पर कचरे के ढेर व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। पुराने हुब्बल्ली के गंजीपेट, क्वाइन रोड और हेग्गेरी क्षेत्र में सडक़ किनारे जगह-जगह कचरा जमा है। कई स्थानों पर कचरा सडक़ तक फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
गंजीपेट मुख्य मार्ग के किनारे कचरे के ढेर के बीच आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। मवेशी कचरे को सडक़ तक खींच देते हैं, जिससे गंदगी और फैल रही है।
स्थानीय छात्र विनय कुलकर्णी ने कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ जमा कचरा हटाने और आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
क्वाइन रोड पर प्लास्टिक कचरे का ढेर हवा के साथ सडक़ और आसपास फैल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार सडक़ किनारे प्लास्टिक कचरा डाल रहे हैं।
हेग्गेरी मार्ग पर सूखे-गीले कचरे के ढेर से दुर्गंध फैलने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
मंत्री आए तो चमका, जाते ही फिर कचरा
गोकुल रोड की तस्वीर व्यवस्था पर और बड़ा सवाल खड़ा करती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 19 सितंबर के दौरे से पहले 17 सितंबर को सडक़ किनारे सफाई कराई गई थी। लेकिन दौरा खत्म होते ही अगले दिन फिर प्लास्टिक कचरे के ढेर दिखाई देने लगे। एक स्थान पर कचरे में आग लगाए जाने से धुआं और प्रदूषण फैलता नजर आया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा कचरा रात में सडक़ किनारे डालकर जला दिया जाता है। नागरिकों ने नियमित सफाई, कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना और आवारा मवेशियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

