कर्नाटक में 52,000 करोड़ की रेल परियोजनाएं
शिवमोग्गा-शिकारीपुर-राणेबेन्नूर मार्ग का दो महीने में नया ठेका
शिवमोग्गा। केंद्रीय रेल एवं जलशक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने कहा कि कोंकण रेलवे के विकास कार्यों के लिए 9,000 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। साथ ही, कर्नाटक में 52,000 करोड़ रुपए की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
शिवमोग्गा के सर्किट हाउस में सोमवार को लोकसभा क्षेत्र की रेल परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में सोमन्ना ने कहा कि केंद्र सरकार ने लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को गति देने का निर्णय लिया है। अगले 25 से 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर रेल संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
शिवमोग्गा-राणेबेन्नूर रेल परियोजना को गति
मंत्री ने कहा कि शिवमोग्गा-शिकारीपुर-राणेबेन्नूर रेल परियोजना के ठेकेदार को काली सूची में डालकर पुरानी निविदा रद्द की जाएगी। अगले दो महीने में नई निविदा जारी कर काम में तेजी लाई जाएगी। शिवमोग्गा-बीरूर रेल मार्ग के दोहरीकरण का सर्वेक्षण जारी है। शिवमोग्गा-शृंगेरी-मेंगलूरु रेल मार्ग के अंतिम चरण का सर्वेक्षण 2025 में शुरू किया गया था।
नई रेल लाइनों के सर्वेक्षण की तैयारी
सोमन्ना के अनुसार, 178 किलोमीटर लंबे तालगुप्पा-सिद्धापुर-सिरसी-मुंडगोड-हुब्बल्ली मार्ग का सर्वेक्षण जल्द शुरू होगा। तालगुप्पा-होन्नावर नई रेल लाइन को 1,511 करोड़ रुपए की लागत से विकसित करने की मंजूरी 2025 में दी गई थी। भद्रावती-चिक्कबसूर-चन्नगिरी के 173 किलोमीटर लंबे मार्ग के सर्वेक्षण को भी मंजूरी मिल चुकी है। चिक्कमगलूरु-शृंगेरी, हुब्बल्ली-अंकोला और शिवमोग्गा-तीर्थहल्ली-शृंगेरी मार्गों के सर्वेक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेशनों और रेल सुविधाओं का विस्तार
मंत्री ने कहा कि तुमकूरु रेलवे स्टेशन को 100 करोड़ और शिवमोग्गा स्टेशन को 50 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक बनाया जाएगा। भद्रावती स्टेशन का भी शिवमोग्गा स्टेशन की तर्ज पर विकास होगा। सागर और तालगुप्पा स्टेशनों के तैयार कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा।
कोटेगंगूर कोचिंग डिपो को अगले वर्ष की शुरुआत में चालू करने की तैयारी है। शिवमोग्गा टर्मिनल के निर्माण के लिए 97 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में कई रेल ऊपरगामी और भूमिगत पुल बनाए गए हैं तथा रेल दुर्घटनाओं की दर घटकर 0.01 प्रतिशत रह गई है।
इस अवसर पर सांसद बी.वाई. राघवेंद्र, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा, विधायक एस.एन. चन्नबसप्पा, पूर्व मंत्री एवं विधायक आरगा ज्ञानेंद्र, रेल मंडल प्रबंधक उदित मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

