नेतृत्व बदलने के बाद ही आगे की बात
व्यक्तिगत नाराजगी कायम, मुलाकात को बताया महज संयोग
विजयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र के साथ किसी भी तरह का राजनीतिक समझौता होने से विधायक बसनगौड़ा पाटील यत्नाल ने साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र से उनकी मुलाकात महज संयोग थी और इसमें कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई। राज्य भाजपा नेतृत्व में बदलाव के बाद ही आगे की बातचीत का सवाल आएगा।
विजयपुर में पत्रकारों से बातचीत में यत्नाल ने कहा कि निजी कार्यक्रम में विजयेंद्र से हुई मुलाकात को राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।
विजयेंद्र ने मुझे व्यक्तिगत नुकसान पहुंचाया
यत्नाल ने विजयेंद्र के खिलाफ अपनी व्यक्तिगत नाराजगी भी खुलकर जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि विजयेंद्र ने उन्हें काफी नुकसान पहुंचाया है। यत्नाल के अनुसार, बी.एस. येडियूरप्पा के मुख्यमंत्री रहते उनके द्वारा लिखे गए पत्र तक फाड़ दिए गए थे। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र चाहे उनके बीच मतभेद न होने की बात कितनी भी बार कहें, उनका रुख नहीं बदलेगा।
पूर्व मंत्री मुरुगेश निराणी से मुलाकात को भी उन्होंने गैर-राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि दशहरा के दौरान नारायण भांडगे के घर जाने पर निराणी से मुलाकात हुई थी और वहां भी कोई राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
दिल्ली दौरे में भाजपा नेताओं से मुलाकात नहीं
यत्नाल ने कहा कि वे कित्तूर रानी चन्नम्मा जयंती कार्यक्रम में भाग लेने के लिए गुरुवार को दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान भाजपा के किसी राष्ट्रीय नेता से मिलने का उनका कार्यक्रम नहीं है। गन्ना किसानों के आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर संबंधित मंत्री से चर्चा करेंगे। उन्होंने भाजपा में दोबारा शामिल होने के लिए किसी नेता से मिलने की संभावना से भी इनकार किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

