कैमरों से नेताओं को फंसाने की साजिश
मंत्री सतीश जारकीहोली का दावा
हुब्बल्ली। लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली ने दावा किया है कि कुछ एजेंसियां घड़ी, चश्मे और अंगूठियों में छिपे कैमरों के जरिए नेताओं को फंसाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने मंत्रियों और विधायकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने भी जनप्रतिनिधियों को सावधानी बरतने को कहा है।
धारवाड़ में पत्रकारों से बातचीत में जारकीहोली ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नेताओं से मिलने आते हैं, जिससे स्टिंग ऑपरेशन करने वालों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि कुछ समूह सुनियोजित तरीके से नेताओं को निशाना बना रहे हैं।
गन्ना किसानों के आंदोलन से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार किसी पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि न्याय के पक्ष में खड़ी है। 26 अक्टूबर को बेलगावी में गन्ना उत्पादक किसानों की बैठक आयोजित की गई है, जिसमें किसानों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा होगी।
कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों को खारिज करते हुए जारकीहोली ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। सभी नेता विधान परिषद की चार सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इन चुनावों के परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

