यत्नाल और ईश्वरप्पा को फिर साथ लाने पर चर्चा
बसवराज बोम्मई बोले—जनभावना से आलाकमान को कराएंगे अवगत
हावेरी। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के असंतुष्ट नेताओं को फिर से पार्टी के साथ लाने की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बसवराज बोम्मई के बयान से इन अटकलों को बल मिला है। उन्होंने संकेत दिया कि बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल और के.एस. ईश्वरप्पा की वापसी के मुद्दे को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष उठाया जा सकता है।
हावेरी जिले के शिग्गांव में पत्रकारों से बातचीत में बोम्मई ने कहा कि राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं और विधानसभा चुनाव में अभी करीब डेढ़ साल का समय है। जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना कांग्रेस सरकार के खिलाफ एकजुट होकर लडऩे की है। इस भावना को ध्यान में रखते हुए सभी संभावनाओं पर विचार करना और संबंधित मुद्दे को आलाकमान तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है।
यत्नाल-विजयेंद्र की मुलाकात से चर्चा तेज
हाल ही में धारवाड़ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र और यत्नाल की मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हुईं। बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। इसे पार्टी के भीतर मतभेद दूर करने की संभावित पहल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
ईश्वरप्पा और येडियूरप्पा के संपर्क की चर्चा
राजनीतिक हलकों में के.एस. ईश्वरप्पा और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा के बीच संपर्क बढऩे की भी चर्चा है। सूत्रों के हवाले से दशहरा के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात होने का दावा किया गया है, लेकिन इसके राजनीतिक उद्देश्य की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अनंतकुमार हेगड़े को लेकर भी अटकलें
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंतकुमार हेगड़े को फिर से सक्रिय राजनीति में लाने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
आलाकमान के फैसले पर नजर
फिलहाल यत्नाल और ईश्वरप्पा की भाजपा में वापसी या अनंतकुमार हेगड़े की सक्रिय राजनीति में वापसी को लेकर कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है। बोम्मई के बयान के बाद अब यह देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इन संभावनाओं पर क्या रुख अपनाता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

