3.3 सेमी बारिश में सडक़ें बनीं तालाब, नालों की गाद-कचरे ने बिगाड़ी जलनिकासी
दाजीबान पेट में स्थायी समाधान के लिए अदालत जाने की तैयारी
हुब्बल्ली। स्मार्ट सिटी का तमगा हासिल करने वाले हुब्बल्ली की बुनियादी व्यवस्था की शुक्रवार को महज चार घंटे की बारिश ने पोल खोल दी। शाम 4 से रात 8 बजे के बीच हुई 3.3 सेंटीमीटर बारिश से शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। प्रमुख सडक़ें तालाब में तब्दील हो गईं और दुकानों तथा इमारतों के तलघरों (बेसमेंट) में पानी घुसने से व्यापारियों और वाहन मालिकों को नुकसान उठाना पड़ा।
शनिवार सुबह सडक़ों पर जमा कीचड़, नालियों में भरा कचरा और दुर्गंधयुक्त पानी शहर की बदहाल जलनिकासी व्यवस्था की तस्वीर दिखाता रहा। कई इलाकों में सफाईकर्मी कीचड़ और कचरा हटाने में जुटे रहे।
नालों की सफाई पर सवाल
तुलजाभवानी सर्कल से कमरीपेट पुराने पुलिस थाने तक करीब एक किलोमीटर लंबे नाले में गाद जमा होने का आरोप है। इसी तरह तुलजाभवानी सर्कल से कोप्पिकर रोड तक लगभग 300 मीटर लंबे नाले में भी गाद और कचरा भरा है। स्थानीय लोगों के अनुसार प्लास्टिक और अन्य कचरे के कारण नालियां तथा मैनहोल जाम होने से बारिश का पानी सडक़ों और इमारतों के निचले हिस्सों में घुसता है।
उद्यमी बाबासिंह राठौड़ ने कहा कि प्रशासन को जलनिकासी की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे बारिश का पानी बिना रुकावट बह सके और घरों, दुकानों तथा वाहनों को नुकसान न हो।

दाजीबान पेट की समस्या वर्षों पुरानी
सामाजिक कार्यकर्ता भास्कर जितूरी ने कहा कि दाजीबान पेट में हर बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आती है। वर्षों से समाधान नहीं होने के कारण अब वकीलों से चर्चा कर स्थानीय अदालत या उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की तैयारी की जा रही है। कुछ व्यापारियों ने सहयोग का भरोसा भी दिया है।
उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के साथ नागरिकों को भी नालियों में कचरा और प्लास्टिक नहीं डालने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
महापौर ने दिया स्थायी समाधान का भरोसा
हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम की महापौर दुर्गम्मा बिजवाड़ ने कहा कि दाजीबान पेट में जलभराव रोकने के लिए अधिकारियों से चर्चा कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। फिलहाल नाले की सफाई कराई जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

