मुद्देबिहाल में पाइपलाइन के लिए सडक़ों के बीच खुदाई, मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल
मुद्देबिहाल (विजयपुर)। शहर में घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू की गई 30 करोड़ रुपए की अमृत 2.0 योजना पर लाखों रुपए की लागत से बनी सीसी सडक़ों को नुकसान पहुंचाने के आरोप लग रहे हैं। पाइपलाइन बिछाने के लिए सडक़ों के बीचोंबीच खुदाई की जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि काम के बाद सडक़ों की मरम्मत में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।
2021 में बनी थीं गुणवत्तापूर्ण सडक़ें
शहर की कई सडक़ें वर्षों तक बदहाल थीं। बारिश में कीचड़ और पत्थरों के कारण लोगों को परेशानी होती थी। वर्ष 2021 में तत्कालीन विधायक ए.एस. पाटील नडहल्ली की पहल पर करोड़ों रुपए की लागत से सीसी सडक़ों का निर्माण कराया गया, जिससे लोगों को राहत मिली थी।
अब वर्तमान विधायक सी.एस. नाडगौड़ा की पहल पर अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। आरोप है कि ठेका लेने वाली सिविट कंपनी सडक़ किनारे उपलब्ध जगह का इस्तेमाल करने के बजाय बीच में खुदाई कर रही है। घरों को पानी का कनेक्शन देने के लिए भी उनके सामने की सडक़ें काटी गई हैं।
स्थानीय निवासी बसलिंगप्पा रक्कसगी के अनुसार, खुदाई से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। कुछ स्थानों पर पाइपलाइन डालने के बाद की गई कंक्रीट की मरम्मत एक सप्ताह के भीतर ही दरकने लगी। उन्होंने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उचित मरम्मत की मांग की।
सडक़ किनारे जगह छोड़ी थी : पूर्व विधायक
पूर्व विधायक ए.एस. पाटील नडहल्ली ने कहा कि सीसी सडक़ें बनाते समय किनारे पर दो पिट के लिए जगह छोड़ी गई थी, ताकि भविष्य में पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा सके। ऐसे में सडक़ के बीच खुदाई करना उचित नहीं है। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार काम होने की जांच की मांग की।
स्थानीय निवासी वीरेश ढवलगी ने सडक़ किनारे पाइपलाइन बिछाने की मांग की। उनका कहना है कि अच्छी सडक़ों को बार-बार खोदने से जनता को परेशानी होती है और सरकारी धन की बर्बादी होती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

