आश्लेष बलि में सामूहिक संकल्प का विरोध
पुरानी परंपरा बहाली के लिए आंदोलन की तैयारी
सुब्रह्मण्य (दक्षिण कन्नड़)। कुक्के सुब्रह्मण्य मंदिर में आश्लेष बलि पूजा के संकल्प विधान में बदलाव को लेकर विरोध शुरू हो गया है। मंदिर की प्रबंध समिति ने भीड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए अलग-अलग संकल्प की पुरानी व्यवस्था के स्थान पर सामूहिक संकल्प शुरू किया है। इसके विरोध में भक्तों और मंदिर की पूर्व प्रबंध समिति के सदस्यों ने आंदोलन की तैयारी की है।
अब तक आश्लेष बलि पूजा और नागप्रतिष्ठा कराने वाले भक्त संकल्प मंडप में अलग-अलग संकल्प करते थे। इस दौरान होने वाली धक्का-मुक्की और असुविधा की शिकायतों के बाद प्रबंध समिति ने पूजा स्थल पर सामूहिक संकल्प कराने का निर्णय लिया।
पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग
इस बदलाव का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि प्रत्येक भक्त की पूजा का उद्देश्य अलग होता है, इसलिए व्यक्तिगत संकल्प आवश्यक है। उनका आरोप है कि परंपरागत धार्मिक विधान में बदलाव से भक्तों की आस्था प्रभावित हो रही है।
किशोर शिराडी और जयप्रकाश कूजुगोडु ने बताया कि पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर 29 अक्टूबर को सुब्रह्मण्य में आंदोलन की तैयारी के लिए बैठक आयोजित की जाएगी।
मंदिर की पूर्व प्रबंध समिति के सदस्य प्रसन्न दरबे ने मांग की कि सामूहिक संकल्प की व्यवस्था तत्काल बंद कर व्यक्तिगत संकल्प की पुरानी परंपरा फिर शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर भक्तों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

