मणिपाल के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में टॉर्च की रोशनी में इलाजमणिपाल का सरकारी स्वास्थ्य केंद्र।

चार कमरों के जर्जर किराए के भवन में बदहाल व्यवस्था

ड्रेसिंग कक्ष में गंदा पानी, उपकरण खराब

मणिपाल (उडुपी)। शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाले मणिपाल का नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बदहाली का शिकार है। आदर्शनगर में चार कमरों के जर्जर किराए के भवन में चल रहे इस केंद्र में बिजली की समस्या के कारण मरीजों का उपचार टॉर्च की रोशनी में करना पड़ रहा है। ड्रेसिंग कक्ष में नाली और शौचालय का गंदा पानी घुसने की शिकायत है। मरीजों के बैठने की पर्याप्त जगह नहीं है और कई उपकरण मरम्मत की प्रतीक्षा में हैं।

ड्रेसिंग कक्ष में गंदा पानी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव

केंद्र में हवा और प्राकृतिक रोशनी की कमी है। अर्थिंग की समस्या से उपकरण बार-बार खराब होने की शिकायत है। ड्रेसिंग के लिए अलग सुसज्जित कमरा नहीं है। टीन की चादरों से ढके अस्थायी कक्ष में बारिश का पानी घुस जाता है, जिससे उपचार के लिए रखा बिस्तर भी भीग जाता है। गंदे पानी के रिसाव और दुर्गंध से मरीजों की परेशानी बढ़ती है।

आसपास के गांवों के मरीज भी निर्भर

केंद्र में एक चिकित्सा अधिकारी, दो स्टाफ नर्स, सात स्वास्थ्य सुरक्षा अधिकारी, आठ आशा कार्यकर्ता, तीन संपर्क कार्यकर्ता और एक स्वास्थ्य निरीक्षक कार्यरत हैं। पहले 14 आशा कार्यकर्ता थीं, लेकिन अब इनकी संख्या घटकर आठ रह गई है। यहां सरकारी छुट्टियों को छोडक़र सुबह 9 से शाम 4.30 बजे तक सेवाएं दी जाती हैं। आसपास की ग्राम पंचायतों के लोग भी उपचार के लिए आते हैं।

कंप्यूटर और इंटरनेट होने के बावजूद ई-हॉस्पिटल व्यवस्था लागू नहीं है। मरीजों के अभिलेख अब भी पुरानी फाइलों में रखे जाते हैं। फार्मासिस्ट का स्वीकृत पद नहीं होने से दवाओं के वितरण में परेशानी होती है। कर्मचारियों के लिए भोजन करने तक अलग कमरा उपलब्ध नहीं है।

नए भवन की तलाश जारी

चिकित्सा अधिकारी डॉ. शमिनी कुमार ने कहा कि जांच किट उपलब्ध हैं और दवाओं का उचित रखरखाव किया जा रहा है, लेकिन जगह की कमी से मरीजों को सभी सुविधाएं देना कठिन है। उन्होंने पर्याप्त जगह वाले व्यवस्थित भवन की मांग की।

उडुपी के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बसवराज हुब्बल्ली के अनुसार, नए भवन के लिए जमीन तलाश की जा रही है। जमीन नहीं मिलने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने केंद्र को जल्द ही बेहतर सुविधाओं वाले दूसरे भवन में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *