एसआईआर पर बयान को गलत समझा गया : सतीश जारकीहोली
नई मतदाता सूची मिलते ही होगी विस्तृत जांच
बेलगावी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बीच यमकनमरडी विधानसभा क्षेत्र में करीब 17 हजार मतदाताओं के नाम हटाए जाने की जानकारी सामने आने से मामला गरमा गया है। मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा कि नई मतदाता सूची मिलने के बाद इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। उन्होंने एसआईआर को लेकर दिए गए अपने पूर्व बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मीडिया में उनके कथन का गलत अर्थ निकाला गया।
जारकीहोली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अन्य राज्यों में फॉर्म-7 के माध्यम से कांग्रेस समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने की कथित कोशिशों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी कोशिशों को रोकने के लिए राहुल गांधी के संघर्ष और मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के मार्गदर्शन में कदम उठाए गए हैं।
मंत्री के मुताबिक, इस तरह की कथित गतिविधियों का मामला सबसे पहले बेलगावी जिले में सामने आया था। इस संबंध में पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। यमकनमरडी क्षेत्र में करीब 17 हजार नाम हटाए जाने की जानकारी भी इसी संदर्भ में सामने आई है।
उन्होंने कहा कि नई मतदाता सूची मिलने पर पलायन कर चुके, मृत और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नामों की अलग-अलग जांच होगी। वास्तविक रूप से कितने नाम हटाए गए हैं, इसकी पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

