28 राज्यों की 28 भाषाओं में गीतों की प्रस्तुति
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ यशवंत का नाम
मूडबिद्री (दक्षिण कन्नड़)। भारत की भाषाई विविधता और एकता का संदेश देते हुए मूडबिद्री के गायक विद्वान यशवंत एम.जी. ने लगातार 28 घंटे तक 28 राज्यों की 28 भाषाओं में गीत गाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उनका नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपना ही 24 घंटे का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में बेंगलूरु के डॉ. राजकुमार ऑडिटोरियम में यशवंत ने 28 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे गायन शुरू किया और 29 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक लगातार प्रस्तुति दी। इससे पहले उन्होंने पिछले वर्ष 3 और 4 जून को मेंगलूरु के टाउन हॉल में पार्श्व गायक एस.पी. बालसुब्रह्मण्यम के गीत लगातार 24 घंटे गाकर रिकॉर्ड बनाया था।
इस विशेष आयोजन में राजगोपाल आचार्य, वामन, प्रज्वल आचार्य, दीक्षित कोडंचा, वर्षा आचार्य, गणेश, सुमुख आचार्य और मेल्विन ने विभिन्न वाद्ययंत्रों पर संगत की।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के एशिया प्रमुख मनीष विष्णोई ने यशवंत को प्रमाणपत्र प्रदान किया। उद्घाटन अवसर पर विधायक गोपालय्या, सुरेश शेट्टी गुर्मे और संगीत निर्देशक वी. मनोहर उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

