देश में यूरिया की बिक्री 4.1 प्रतिशत घटी
जटिल उर्वरकों का उत्पादन 35.5 प्रतिशत लुढक़ा, प्रति बोरी 2,400 रुपए तक पहुंची कीमत
कुंदापुर (उडुपी)। बारिश की कमी, रासायनिक खाद की बढ़ती कीमतों और आगामी दिनों में अल नीनो की आशंका ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेती की गतिविधियों में सुस्ती के बीच देश में प्रमुख उर्वरकों की बिक्री और उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई है। महंगी खाद के कारण किसान जरूरत के मुताबिक खरीदारी करने से भी कतरा रहे हैं।
फर्टिलाइजर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रेल से सितंबर 2026 के दौरान देश में यूरिया की बिक्री 4.1 प्रतिशत घटी। इसी अवधि में जटिल उर्वरकों का घरेलू उत्पादन 35.5 प्रतिशत और सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) का उत्पादन 10.4 प्रतिशत कम हुआ।
बारिश की कमी से खेती प्रभावित
जून से सितंबर 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून में देशभर में दीर्घकालीन औसत से 12.6 प्रतिशत कम बारिश हुई। अक्टूबर में भी बारिश की कमी बनी रही। इसका असर विशेष रूप से बारिश पर निर्भर कृषि क्षेत्रों में बुवाई और फसलों की बढ़वार पर पड़ा है। खेती की गतिविधियां धीमी होने से उर्वरकों की मांग भी प्रभावित हुई है।
कच्चे माल की महंगाई से बढ़ी लागत
उर्वरक उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले गंधक की कीमत एक साल में 300-400 डॉलर से बढक़र 1,000-1,100 डॉलर प्रति टन पहुंच गई है। इससे उत्पादन लागत पर दबाव बढ़ा है। उद्योग में उत्पादन घटने के पीछे कच्चे माल की महंगाई भी प्रमुख कारण मानी जा रही है।
एक बोरी खाद के लिए 2,400 रुपए
प्रगतिशील किसान बलाडी संतोष शेट्टी के अनुसार, 20:20:0:13 ग्रेड की खाद की बोरी करीब 2,100 रुपए, जबकि 12:32:16 और 10:26:26 ग्रेड की खाद की बोरी लगभग 2,400 रुपए में मिल रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण किसानों के लिए खाद खरीदना मुश्किल होता जा रहा है।
2027 की शुरुआत तक अल नीनो का खतरा
वैश्विक मौसम एजेंसियों के पूर्वानुमान के अनुसार, अल नीनो का प्रभाव जनवरी-मार्च 2027 तक बना रह सकता है। हालांकि, खाद की बिक्री में गिरावट के लिए केवल अल नीनो को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता। बारिश, फसल क्षेत्र और किसानों की खरीद क्षमता भी इसकी प्रमुख वजहें हैं। बारिश की कमी जारी रहने पर कृषि उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
