दो साल से राजस्व लक्ष्य की दौड़ में पिछड़ रहा हुब्बल्ली आरटीओआरटीओ कार्यालय हुब्बल्ली।

पांच माह में 75 करोड़ के मुकाबले 67.13 करोड़ की वसूली

7.87 करोड़ की कमी, पिछले वित्त वर्ष में भी 11.38 करोड़ कम रहा संग्रह

हुब्बल्ली। वाहन पंजीकरण और परिवहन सेवाओं के विस्तार के बावजूद हुब्बल्ली क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) राजस्व संग्रह का निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में लगातार पिछड़ रहा है। पिछले वित्त वर्ष में वार्षिक लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने के बाद चालू वित्त वर्ष में भी शुरुआती पांच महीनों के आंकड़े विभाग की सुस्त राजस्व वसूली की तस्वीर पेश कर रहे हैं। अप्रेल से अगस्त 2026 तक 75 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले केवल 67.13 करोड़ रुपए का संग्रह हुआ है। यानी विभाग 89.50 प्रतिशत लक्ष्य ही हासिल कर पाया और 7.87 करोड़ रुपए की कमी रह गई।

परिवहन विभाग के मासिक राजस्व संग्रह संबंधी आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अप्रेल में लक्ष्य प्राप्ति 82.91 प्रतिशत रही। मई में यह बढक़र 85.82 प्रतिशत, जून में 88.69 प्रतिशत और जुलाई में 88.87 प्रतिशत हुई। अगस्त तक संचयी उपलब्धि 89.50 प्रतिशत पहुंची। हालांकि वसूली में धीरे-धीरे सुधार हुआ है, लेकिन निर्धारित लक्ष्य से दूरी अब भी बनी हुई है।

पिछले साल भी 11.38 करोड़ की कमी

वित्त वर्ष 2025-26 में भी हुब्बल्ली आरटीओ वार्षिक राजस्व लक्ष्य हासिल नहीं कर सका था। विभाग को 160 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन वास्तविक संग्रह 148.62 करोड़ रुपए ही रहा। इस प्रकार वार्षिक लक्ष्य का 92.89 प्रतिशत हासिल हुआ और करीब 11.38 करोड़ रुपए की कमी रह गई।

अक्टूबर में लक्ष्य से 44 प्रतिशत अधिक वसूली

पिछले वित्त वर्ष में अक्टूबर 2025 आरटीओ के लिए सबसे बेहतर महीना रहा। इस दौरान मासिक लक्ष्य के मुकाबले 144.61 प्रतिशत राजस्व संग्रह हुआ। मार्च 2026 में भी 100.87 प्रतिशत वसूली दर्ज की गई। इसके बावजूद अन्य महीनों की कमी की भरपाई नहीं हो सकी। मई 2025 में उपलब्धि सबसे कम 76.18 प्रतिशत रही।

राजस्व बढ़ाना बड़ी चुनौती

वाहन पंजीकरण, मोटर वाहन कर, परमिट शुल्क और परिवहन संबंधी अन्य सेवाएं आरटीओ की आय के प्रमुख स्रोत हैं। ऐसे में चालू वित्त वर्ष के शेष सात महीनों में राजस्व संग्रह की गति बढ़ाना विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। शुरुआती पांच महीनों की कमी की भरपाई के साथ पूरे वर्ष का लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग को आगामी महीनों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

दो साल से राजस्व लक्ष्य की दौड़ में पिछड़ रहा हुब्बल्ली आरटीओ
हुब्बल्ली आरटीओ अधिकारी श्रीकांत बडिगेर।

प्रवर्तन कार्रवाई तेज की

राजस्व वसूली का लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को पहले कर में पूरी छूट दी गई थी, लेकिन पिछले 4-5 माह से इन पर 25 प्रतिशत कर वसूला जा रहा है। कर छूट के कारण राजस्व संग्रह प्रभावित हुआ है। इसके अलावा ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जा रहा है। राजस्व बढ़ाने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई भी तेज की गई है।
–श्रीकांत बडिगेर, आरटीओ अधिकारी, हुब्बल्ली

आंकड़ों में आरटीओ की राजस्व वसूली

वित्त वर्ष 2026-27 (अप्रेल-अगस्त)

75 करोड़ रुपए निर्धारित लक्ष्य
67.13 करोड़ रुपए वास्तविक संग्रह
89.50 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति
7.87 करोड़ रुपए लक्ष्य से कमी

माहवार लक्ष्य प्राप्ति (संचयी)

माह — उपलब्धि

अप्रेल — 82.91 प्रतिशत
मई — 85.82 प्रतिशत
जून — 88.69 प्रतिशत
जुलाई — 88.87 प्रतिशत
अगस्त — 89.50 प्रतिशत

वित्त वर्ष 2025-26 (वार्षिक)

विवरण — आंकड़ा

लक्ष्य — 160 करोड़ रुपए
संग्रह — 148.62 करोड़ रुपए
उपलब्धि — 92.89 प्रतिशत
कमी — 11.38 करोड़ रुपए

(स्रोत : हुब्बल्ली आरटीओ के विभागीय राजस्व संग्रह आंकड़े।)

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *