26 वर्षों से गदग के तोंटदार्य मठ के द्वार पर किताबें बेच रहे हनुमंतप्पा नीरलगी
दो माह की उम्र में खोई थी आंखों की रोशनी
खुद औपचारिक शिक्षा से वंचित, फिर भी किताबों के जरिए दूसरों तक पहुंचा रहे ज्ञान
घटती बिक्री के बीच अब कैलेंडर भी बेच रहे
गदग। दो माह की उम्र में आंखों की रोशनी चली गई, औपचारिक शिक्षा भी हासिल नहीं कर सके, लेकिन हनुमंतप्पा नीरलगी ने हालात के आगे हार नहीं मानी। गदग के तोंटदार्य मठ के मुख्य द्वार पर पिछले 26 वर्षों से किताबें बेचकर वे न केवल परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, बल्कि दूसरों तक ज्ञान की किताबें भी पहुंचा रहे हैं।
मठ की ऐतिहासिक विरासत देखने रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मुख्य द्वार पर बैठे हनुमंतप्पा की आवाज अक्सर सुनाई देती है—‘सर… मैडम… किताब ले लीजिए।’ कुछ लोग रुककर किताबें खरीदते हैं, तो कई बिना ध्यान दिए आगे बढ़ जाते हैं। बहुत कम लोगों को पता है कि किताबें बेचने वाले हनुमंतप्पा पूरी तरह दृष्टिबाधित हैं।
दो माह की उम्र में खोई दृष्टि
गदग तालुक के हुयिलगोल गांव के निवासी हनुमंतप्पा ने महज दो माह की उम्र में आंखों की रोशनी खो दी थी। दृष्टिबाधित होने के कारण वे औपचारिक शिक्षा हासिल नहीं कर सके। परिवार के पास खेती की जमीन थी। शादी के बाद दो बच्चों के पिता बने हनुमंतप्पा ने वर्ष 2000 में परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए तोंटदार्य मठ के पास किताबें बेचने का काम शुरू किया।
तब से वे मठ के पुस्तक भंडार से किताबें खरीदकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेच रहे हैं। उन्होंने आर्थिक मदद मांगने के बजाय मेहनत से आजीविका चलाने का रास्ता चुना। उनकी पत्नी भी खेती और घरेलू कामकाज में हाथ बंटाती हैं।
बदलते दौर में घट रही किताबों की बिक्री
खुद पढ़ाई नहीं कर सके, लेकिन किताबों को लोगों तक पहुंचाना हनुमंतप्पा के जीवन का हिस्सा बन गया। पहले वे अलग-अलग जगहों पर समाचार पत्र भी बेचते थे। अब बच्चों की किताबें उनकी बिक्री का प्रमुख हिस्सा हैं।
वे बताते हैं कि कुछ साल पहले तक किताबों की बिक्री अच्छी होती थी, लेकिन अब काफी कम हो गई है। फिलहाल कम पूंजी में मिलने वाली बच्चों की किताबें बेचता हूं। बिक्री घटने से अब नए साल के कैलेंडर भी बेचने लगा हूं। आखिर जीवन भी तो चलाना है।
मठ के द्वार पर बैठकर ग्राहकों का इंतजार करने वाले हनुमंतप्पा की जिंदगी संघर्ष और स्वाभिमान की मिसाल है। आंखों की रोशनी खोने के बावजूद उन्होंने आत्म-निर्भरता का रास्ता चुना। उनका जीवन बताता है कि शिक्षा से वंचित रह जाने के बाद भी किताबों से जुड़ाव और मेहनत के प्रति निष्ठा दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

