बच्चे के जन्म ने मिटाई दूरियां
गायत्री के मायके वाले पहुंचे ससुराल, ताना-बाना फिर जुड़ा
हुब्बल्ली। कभी विरोध और विवाद के कारण सुर्खियों में रहा उत्तर कर्नाटक के चर्चित यूट्यूबर ख्वाजा शिरहट्टी उर्फ मुकळेप्पा और गायत्री का रिश्ता अब खुशियों की वजह से चर्चा में है। दंपती के घर बच्चे के जन्म ने परिवारों के बीच चली आ रही दूरियों को कम कर दिया। जिन रिश्तेदारों के बीच लंबे समय से संवाद नहीं था, वे अब नवजात को आशीर्वाद देने एक साथ नजर आए।
विवाद से शुरू हुआ था सफर
यूट्यूब पर कॉमेडी वीडियो के जरिए पहचान बनाने वाले ख्वाजा शिरहट्टी ने धारवाड़ की गायत्री से विवाह किया था। विवाह के बाद गायत्री के परिजनों की ओर से इस रिश्ते को लेकर आपत्तियां और गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था।
पुलिस जांच के दौरान गायत्री के बयान और उपलब्ध विवाह दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक यह विवाह सोशल मीडिया और विभिन्न संगठनों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
बच्चे ने जोड़ा परिवार
अब समय ने कहानी का रुख बदल दिया है। दंपती के घर बच्चे के जन्म की खबर ने दोनों परिवारों के बीच जमी कड़वाहट को कम किया। गायत्री के मायके पक्ष के लोग नवजात को देखने ख्वाजा के घर पहुंचे।
मायके से लाए गए पालने को नवजात के लिए भेंट किया गया और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पालना संस्कार भी किया गया। लंबे समय बाद परिवार के सदस्यों को साथ देखकर गायत्री भी भावुक नजर आईं।
दो परंपराओं का सम्मान
विवाह के बाद भी गायत्री ने अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों को जारी रखा। इससे पहले गर्भावस्था के दौरान ख्वाजा की ओर से गायत्री का हिंदू रीति-रिवाज से सीमंत (गोद भराई) संस्कार कराया गया था। अब नवजात के पालना संस्कार में भी मायके पक्ष की परंपराओं को सम्मान दिया गया।
इस घटनाक्रम को दोनों परिवारों के बीच संबंधों में आई नरमी के तौर पर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी दंपती को बच्चे के जन्म पर बधाइयां मिल रही हैं।
विवाद से शुरू हुई कहानी अब परिवार के मिलन और नवजात की मुस्कान तक पहुंची है। यही इस रिश्ते की सबसे सुखद तस्वीर है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

