700 किमी से अधिक लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित
50 हजार करोड़ रुपए की परियोजना से कर्नाटक के नौ जिलों को मिलेगा लाभ
हुब्बल्ली। पुणे और बेंगलूरु के बीच सडक़ संपर्क को तेज करने के लिए 700 किलोमीटर से अधिक लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। भारत-माला परियोजना के तहत करीब 50 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस मार्ग से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय 12-15 घंटे से घटकर 7-8 घंटे होने की उम्मीद है।
परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया जारी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की वित्तीय स्वीकृति के बाद भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण संबंधी मंजूरियों की प्रक्रिया शुरू होगी।
महाराष्ट्र के तीन, कर्नाटक के नौ जिलों से गुजरेगा
प्रस्तावित मार्ग महाराष्ट्र के पुणे, सतारा और सांगली जिलों से होकर कर्नाटक में प्रवेश करेगा। कर्नाटक में बेलगावी के अथणी और रामदुर्ग, बागलकोट के जमखंडी और मुधोल, गदग के नरगुंद, कोप्पल के यलबुर्गा, विजयनगर के होसपेट, दावणगेरे के जगलूर और चित्रदुर्ग के क्षेत्रों से गुजरते हुए बेंगलूरु सैटेलाइट रिंग रोड से जुड़ेगा। आगे इसका संपर्क दोड्डबल्लापुर और नेलमंगला से होगा।
21 हजार एकड़ भूमि की जरूरत
परियोजना के लिए दोनों राज्यों में 21 हजार एकड़ से अधिक भूमि की आवश्यकता का अनुमान है। प्रस्तावित ढांचे में 55 फ्लाईओवर, 22 इंटरचेंज, छह रेलवे ओवरब्रिज और 14 प्रमुख राजमार्ग क्रॉसिंग शामिल हैं। आपात स्थिति में विमानों की लैंडिंग के लिए दो हवाई पट्टियां बनाने और 12 से अधिक नदियों पर पुल निर्माण की भी योजना है।
यातायात और माल ढुलाई को मिलेगी राहत
फिलहाल पुणे-बेंगलूरु मार्ग पर कोल्हापुर और बेलगावी से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी यातायात, जाम और दुर्घटनाओं की समस्या है। बारिश के दौरान कई हिस्सों में जलभराव से आवागमन बाधित होता है। नया मार्ग बनने से यात्रियों को कम समय में सफर की सुविधा मिलने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों, कृषि बाजारों और माल परिवहन केंद्रों को बेहतर संपर्क मिलने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
