सीएम सिद्धरामय्या ने लगाया आरोप
हुब्बल्ली. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि सूखे के मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को मिलने की अनुमति देने के लिए 27 नवंबर को एक पत्र लिखा गया था। अभी तक अनुमति नहीं दी है।

शहर के बादामी नगर में रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शट्टर के आवास पर नाश्ता करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि राज्य में 35 हजार करोड़ रुपए की फसल का नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (एनडीआरएफ) के तहत राज्य को 18 हजार करोड़ रुपए मिलने चाहिए। यह केंद्रीय धन नहीं है। राज्य की जनता के टैक्स का पैसा है। हम चार लाख करोड़ रुपए कर का भुगतान करते हैं। केंद्र से हमारे पास केवल 50 हजार करोड़ रुपए ही वापस आ रहे हैं। क्या यह उचित है?

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर हर जिले के लिए एक-एक मंत्री को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उम्मीदवारों का चयन उनकी रिपोर्ट और विधायकों, पूर्व उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर किया जाएगा।

अल्पसंख्यकों को तीन निर्वाचन क्षेत्रों में टिकट देने के मंत्री जमीर अहमद खान के आग्रह पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सिद्धरामय्या ने कहा कि अतीत में, दो निर्वाचन क्षेत्रों में टिकट दिए गए थे। इस बार भी हम देंगे परन्तु भाजपा का कहना है कि उन्हें अल्पसंख्यकों का वोट नहीं चाहिए। क्या वे देश के नागरिक नहीं हैं?

धारवाड़ लोकसभा सीट से शेट्टर दावेदार!

सीएम ने कहा कि धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे के लिए जगदीश शेट्टर की राय मांगी गई है, वे भी दावेदार हो सकते हैं। इस मौके पर उनके साथ मौजूद शेट्टर ने कहा कि वे कोई दावेदार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सब मीडिया की उपज है।

सिद्धरामय्या ने कहा कि मौलवी तनवीर हाशमी ने पिछले विधानसभा चुनाव में बसनगौड़ा पाटिल यत्नाल के खिलाफ काम किया था। इसलिए वे उन पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम मंडलों में जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी। पहले चरण में विधायकों को और दूसरे चरण में कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगी। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि हमारे कार्यकाल में अपराध बढ़े हैं या उनके समय में इस बारे में राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो की रिपोर्ट पर नजर डालें। जो भी अत्याचार करेगा उसके खिलाफ हम सख्त कार्रवाई करेंगे। यह एक बर्बर घटना है जो सभ्य समाज में नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोलार जिले के मालूर तालुका के यलुवल्ली स्थित मोरारजी देसाई छात्रावास के बच्चों को मलमूत्र के गड्ढे में उतारकर साफ कराने के मामले में रिपोर्ट मंगवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सिद्धरामय्या ने कहा कि केरल में कोविड मामलों की बढ़ती संख्या के बारे में पता चला है। स्वास्थ्य मंत्री को इस संबंध में आवश्यक एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।

भाजपा नेता कर रहे हैं राजनीति
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि बेलगावी तालुक के न्यू वंटमूरी गांव की एक महिला को निर्वस्त्र करने और उसके साथ मारपीट करने की घटना पर भाजपा नेता राजनीति कर रहे हैं। सरकार ने घटना को लेकर सभी कानूनी कदम उठाए हैं। मामला सामने आते ही गृह मंत्री ने महिला से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की है। मामले में आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। हम जानना चाहते हैं कि सरकार कहां विफल रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक विधायक को 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में जेल जाना पड़ा है। इस पर जेपी नड्डा और भाजपा नेता क्या कहते हैं? ऐसे विधायक को रखने वालों, लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों का हमारे बारे में बोलना नैतिकता क्या है।

जगदीश शेट्टर को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने विधान परिषद सदस्य जगदीश शेट्टर को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। सुबह शेट्टर के आवास पर पहुंचे सिद्धरामय्या का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सीएम ने शेट्टर को गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर जब कांग्रेस नेताओं ने फूलमालाएं चढ़ाने की पेशकश की तो सीएम ने शोक समारोह है कहकर इनकार कर दिया। बाद में शेट्टर के आवास पर नाश्ता किया।

लिंगायत नेताओं का अनुमान

मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि जाति जनगणना के मामले में लिंगायत नेता जो बात कर रहे हैं, वह सिर्फ उनका अनुमान है। जातीय जनगणना को लेकर कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। क्या आप जानते हैं इसके अंदर क्या है? उनको भी नहीं पता। मुझे भी नहीं पता। वे अनुमान लगा रहे हैं, देखते हैं।

शेट्टर की पत्नी शिल्पा शेट्टर, बेटा संकल्प शेट्टर, विधायक एनएच कोनरेड्डी, प्रसाद अब्बय्या, कांग्रेस नेता मौजूद थे।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *