सामान्य ईसीजी रिपोर्ट का मतलब दिल पूरी तरह स्वस्थ होना नहींहृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मुरलीधर नाइक।

सीने में दर्द, सांस फूलने या घबराहट को नजरअंदाज न करें

जरूरत पडऩे पर अन्य जांच भी जरूरी

हुब्बल्ली। एसडीएम नारायण हार्ट सेंटर, धारवाड़ के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मुरलीधर नाइक ने कहा कि सीने में हल्का दर्द, सांस फूलने या घबराहट होने पर डॉक्टर सबसे पहले ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) कराने की सलाह देते हैं। रिपोर्ट सामान्य आते ही अधिकांश लोग राहत महसूस करते हैं और मान लेते हैं कि उनका दिल पूरी तरह स्वस्थ है। लेकिन सामान्य ईसीजी का अर्थ यह नहीं है कि हृदय संबंधी कोई बीमारी नहीं है। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, ईसीजी हृदय की स्थिति का प्रारंभिक आकलन है, संपूर्ण जांच नहीं।

ईसीजी दिल की स्थिति का एक क्षणिक चित्र

इस बारे में जानकारी देते हुए डॉ. मुरलीधर ने कहा कि ईसीजी हृदय की विद्युत गतिविधियों और धडक़नों को रिकॉर्ड करने वाली सामान्य जांच है। कैमरे से खींची गई तस्वीर की तरह यह भी जांच के समय दिल की स्थिति का एक क्षणिक चित्र प्रस्तुत करती है। इससे हृदय की धडक़न और विद्युत संकेतों की जानकारी मिलती है, लेकिन दिल की आंतरिक संरचना और धमनियों में रक्त प्रवाह की पूरी स्थिति का पता नहीं चलता।

सामान्य ईसीजी के बावजूद हो सकती हैं ये समस्याएं

हृदय की धमनियों में रुकावट: धमनियों में वसा जमा होने से रक्त प्रवाह प्रभावित हो सकता है। आराम की स्थिति में कराए गए ईसीजी में कई बार इसका पता नहीं चलता।

शुरुआती हृदय रोग: हृदय की मांसपेशियों की कमजोरी और कुछ संरचनात्मक समस्याएं शुरुआती चरण में ईसीजी से पकड़ में नहीं आतीं।

अनियमित धडक़न: कुछ लोगों में धडक़नों की अनियमितता कभी-कभार होती है। जांच के दौरान धडक़न सामान्य रहने पर ईसीजी में समस्या दिखाई नहीं देती।

कब जरूरी होती हैं अतिरिक्त जांचें

ईसीजी सामान्य आने के बावजूद सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना, सांस लेने में परेशानी या बाएं हाथ में दर्द जैसे लक्षण बने रहें तो चिकित्सक अन्य जांचों की सलाह दे सकते हैं।

इकोकार्डियोग्राफी: यह हृदय का अल्ट्रासाउंड है। इससे हृदय की पंपिंग क्षमता, मांसपेशियों और वाल्व की कार्य-प्रणाली का पता चलता है।

ट्रेडमिल टेस्ट (टीएमटी): व्यायाम के दौरान हृदय की प्रतिक्रिया और रक्त आपूर्ति में संभावित कमी का आकलन किया जाता है।

कोरोनरी सीटी एंजियोग्राफी: इस जांच से हृदय की धमनियों में रुकावट और कैल्शियम जमाव की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलती है।

जोखिम के कारक हों तो रहें सतर्क

उच्च रक्तचाप, मधुमेह, धूम्रपान और परिवार में हृदय रोग का इतिहास होने पर हृदय संबंधी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे लोगों को सामान्य ईसीजी रिपोर्ट के आधार पर पूरी तरह निश्चिंत नहीं होना चाहिए।

डॉ. मुरलीधर ने कहा कि याद रखें, सामान्य ईसीजी हृदय की सभी बीमारियों से मुक्त होने का प्रमाण नहीं है। शरीर के लक्षणों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। सीने में लगातार दर्द या बेचैनी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें। अचानक सीने में तेज दर्द, सांस लेने में गंभीर परेशानी या ठंडा पसीना आने पर तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें। सही समय पर उचित जांच और उपचार ही हृदय को सुरक्षित रखने का बेहतर उपाय है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *