तमिलनाडु के कोयंबटूर के दो आरोपी शामिल
जब्त मादक पदार्थ की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक
हुब्बल्ली। गोकुल रोड थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 1 किलो 300 ग्राम एमडीएमए गोलियां जब्त की हैं। जब्त मादक पदार्थ की कीमत डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तमिलनाडु के कोयंबटूर निवासी रघुकृष्णन उर्फ कुल्ली रामास्वामी (24), राजकुमार श्रीनिवासन (21) और हुब्बल्ली के पुरानी शहर स्थित अरविंद नगर निवासी प्रवीण विजय शेट्टी के तौर पर की गई है।
गोकुल रोड थाना पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक संगमेश दिडिगनाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक सचिनकुमार दासरेड्डी, पुलिसकर्मी लक्ष्मण नायक और संतोष आडूर की टीम ने छापा मारकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों के काम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा की है।
आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी रघुकृष्णन के खिलाफ तमिलनाडु के कोयंबटूर, चेट्टीपलयम और मदुक्करई पुलिस थानों सहित चार मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रवीण शेट्टी के खिलाफ करुम्बकडई पुलिस थाने में एक मामला दर्ज है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
