खरगे को बना रहे हैं बलि का बकरा
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ली चुटकी
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने चुटकी लेते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन का अस्तित्व खत्म हो गया है। वह गठबंधन अंतर्कलह में फंसा हुआ है। इस लिए राहुल गांधी जितना भारत जोड़ो यात्रा करेंगे उतना कांग्रेस के लिए अच्छा है।
शहर में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए कुछ राज्यों में सबसे कम सीटें स्वीकार करने को तैयार है। इंडिया गठबंधन में पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में काफी घमासान मचा हुआ है। यह एक प्रकार का घर तोडऩे वाला गठबंधन है। सिर्फ फोटो तक ही सीमित, दिखावे का गठबंधन बना है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गठबंधन से बाहर निकलने पर विचार कर रही हैं। इससे कांग्रेस असहाय हो गई है। अभिनेता जग्गेश की भाषा में कहें तो कांग्रेस का खत्म होना तय है। लोकसभा चुनाव में अगर कांग्रेस हार जाए तो गांधी परिवार को दोषी न ठहराया जाए इस लिए मल्लिकार्जुन खरगे को घमंडी गठबंधन का नेता बनाकर बलि का बकरा बनाया जा रहा है।
हावेरी के हानगल में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि जांच में सरकार की विफलता और तुष्टीकरण की राजनीति सामने आ रही है। यहां तक कि जब पीडि़ता की ओर से ही शिकायत करने के बाद भी गृह मंत्री बयान दे रहे हैं कि नैतिक पुलिसिंग हुई है हम देखेंगे। पीडि़ता को रातोंरात स्थानांतरित कर, मुआवजा देते हैं। इन सभी घटनाओं को देखने पर यह स्पष्ट है कि सरकार किसी को बचाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि नैतिक पुलिसिंग के बारे में खूब बातें करने वाले मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या हनगल घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं। हानगल की घटना में राज्य सरकार की कार्रवाई देखें तो ऐसा लगता है कि वह किसी की रक्षा के लिए आगे आई है। एक विशेष जांच दल का गठन कर एक कुशल पुलिस अधिकारी की नियुक्ति करनी चाहिए।
जोशी ने कहा कि इसी मामले में अन्य जातियों के शामिल होते तो बड़ा हंगामा ही हो जाता था। आरोपियों, अपराधियों की कभी भी कोई जाति नहीं होती। सरकार को ईमानदारी से जांच कराकर अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए।
जोशी ने कहा कि जनता जानती है कि श्रीराम मंदिर मुद्दे पर कौन राजनीति कर रहे हैं। राम मंदिर के उद्घाटन के लिए सभी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। स्वाभाविक रूप से आते तो कोई समस्या या चर्चा भी नहीं होती थी। अयोध्या जाने पर वोट नहीं मिलेंगे, नहीं जाने पर उन्हें वोट मिलेंगे इसी सोची-समझी राजनीति के कारण कांग्रेस ने उद्घाटन में नहीं आने का फैसला किया है। अगर आएंगे को खुशी होगी, नहीं आने पर हमें कोई चिंता नहीं है परन्तु लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद अनंतकुमार हेगड़े के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया नहीं दे सकता। हमारी मंशा है कि अच्छे माहौल में श्रीराम मंदिर का लोकार्पण हो।
