डीडीयू-जीकेवाई योजना के तहत 60 से अधिक कंपनियों ने 6 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया
बल्लारी. शहर के सरलादेवी कॉलेज में बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से डीडीयू-जीकेवाई योजना के अंतर्गत विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। मेले में 60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेते हुए पूर्व पंजीकृत 6 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन कर लिडकर अध्यक्ष मुंडरगी नागराज ने कहा कि आंतरिक आरक्षण (इनर रिजर्वेशन) लागू करने की प्रक्रिया के कारण कुछ समय तक सरकारी पदों की भर्ती प्रक्रिया स्थगित रही थी। अब मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के नेतृत्व में मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार शीघ्र ही 52 हजार से अधिक सरकारी पदों को भरने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं और निजी क्षेत्र के साथ-साथ सरकारी नौकरियों के लिए भी तैयार रहें।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेलों से स्थानीय युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। मेले में आईटी, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, रिटेल और सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उत्साहपूर्वक शामिल हुए और अपने भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
