बीमा राशि में भेदभाव का आरोप; सैकड़ों किसानों का प्रदर्शन
कलबुर्गी-चिंचोली मार्ग रहा बंद
कालगी (कलबुर्गी)। किसानों को फसल मुआवजा देने में सरकार पर अन्याय करने तथा फसल बीमा राशि जारी करने में बीमा कंपनियों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रांतीय किसान संघ और किसान सेना के तालुक इकाई ने बंद का आह्वान किया। बंद को कस्बे में अच्छा समर्थन मिला।
दुकानें बंद, यातायात प्रभावित
बंद के आह्वान के बाद सुबह से ही कालगी की अधिकांश दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। वाहनों की आवाजाही भी लगभग ठप रही। कलबुर्गी-चिंचोली मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिए जाने से यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस दौरान सैकड़ों किसानों ने बसवेश्वर सर्कल से पुराने बस अड्डे तक विरोध मार्च निकाला। किसानों के साथ अन्याय करने वाले अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया गया।
मानव शृंखला बनाकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों ने चाबूक लहराते हुए मानव शृंखला बनाई और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद नारे लगाते हुए डॉ. बी.आर. आंबेडकर सर्कल पहुंचे। वहां आंबेडकर की प्रतिमा और बसवेश्वर नामफलक पर पुष्पहार अर्पित करने के बाद किसानों ने दोबारा प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शन में तालुक के विभिन्न मठों के मठाधीश (मठ प्रमुख), राजनीतिक नेता और विभिन्न गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों ने फसल मुआवजे और बीमा राशि के मामले में न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
बंद और प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। शहाबाद के डीवाइएसपी शंकरगौड़ा पाटील, कालगी के सीपीआइ जगदेवप्पा पाला, पीएसआइ तिम्मय्या बी.के., माडबूळ के पीएसआइ गौतम गुत्तेदार तथा क्राइम पीएसआइ सिद्धलिंग सहित पुलिसकर्मियों ने बंदोबस्त संभाला।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

