बस, ऑटो, स्कूल वाहन और बैंक रहे सामान्य; पुलिस ने एहतियातन बढ़ाई निगरानी
हुब्बल्ली। कावेरी नदी का पानी तमिलनाडु को छोड़े जाने के विरोध में कन्नड़ संगठनों के महासंघ द्वारा 13 अगस्त गुरुवार को बुलाए गए कर्नाटक बंद को हुब्बली-धारवाड़ महानगर में संगठनों ने केवल नैतिक समर्थन दिया है। यहां बंद का कोई असर नहीं दिखा और जनजीवन सामान्य रूप से चलता रहा। बस, ऑटो रिक्शा, मालवाहक वाहन, स्कूल वाहन तथा अन्य परिवहन सेवाएं पहले की तरह संचालित रहीं। बैंक, स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय भी सामान्य रूप से खुले रहेे।
बस और ऑटो सेवाएं चालू रहीं
उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि दूरदराज और शहरी मार्गों पर सभी बसें निर्धारित समय के अनुसार चलाई गईं। बस सेवा बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
उत्तर कर्नाटक ऑटो रिक्शा चालक-मालिक संघ के अध्यक्ष शेखरय्या मठपति ने कहा कि संगठन बंद के आह्वान का नैतिक समर्थन करता है, लेकिन ऑटो सेवा बंद नहीं की जाएगी। सूखे के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पहले ही कठिन है, ऐसे में बंद से आम जनता को परेशानी होगी।
कन्नड़ और किसान संगठनों ने भी बनाई दूरी
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बुधवार को हुई बैठक में सडक़ जाम, प्रदर्शन, सभा अथवा ज्ञापन देने जैसे किसी कार्यक्रम का आयोजन नहीं करने और तटस्थ रहने का निर्णय लिया गया था।
कलसा-बंडूरी संघर्ष समन्वय समिति के प्रमुख सिद्धू तेजी ने कहा कि महादयी परियोजना के लिए संगठन वर्षों से संघर्ष कर रहा है, लेकिन बंद के लिए स्थानीय संगठनों से राय नहीं ली गई। वहीं, कर्नाटक संग्राम सेना के अध्यक्ष संजीव दुम्मकनाल ने कहा कि क्षेत्र में स्कूल-कॉलेजों में परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए बंद का समर्थन नहीं किया गया।
धारवाड़ दलाल एवं व्यापारी संघ के अध्यक्ष शिवशंकर हंपण्णवर ने भी बंद से दूरी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कावेरी जल विवाद से जुड़े अन्य सभी आंदोलनों को संगठन का समर्थन रहेगा, लेकिन बंद से किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के दैनिक कार्य प्रभावित होंगे।
जिला प्रशासन ने कहा—जनजीवन सामान्य
जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने स्पष्ट किया कि जिले में कर्नाटक बंद नहीं रहेगा। स्कूल, कॉलेज, बैंक, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक सेवाएं सामान्य रूप से चलेंगी।
पुलिस उपायुक्त श्रुति एन.एस. ने बताया कि अण्णिगेरी और नवलगुंद क्षेत्र के कुछ किसानों के हुब्बल्ली पहुंचकर प्रदर्शन करने की संभावना को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

