पुरानी हुब्बल्ली के भवानिशंकर मंदिर परिसर में सडक़ हटाकर खुदाई की मांग
चन्नपेट में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोका
हुब्बल्ली। पुरानी हुब्बल्ली के आसार मोहल्ला स्थित भवानी शंकर नारायण मंदिर की पुष्करणी की रक्षा और उसके स्थान पर बनाई गई सडक़ हटाने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ा प्रदर्शन हुआ।
भवानी शंकर नारायण मंदिर पुष्करणी समिति के नेतृत्व में हजारों लोग चन्नपेट में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम और पुरातत्व विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
बैरिकेड तोडऩे पर पुलिस की कार्रवाई
प्रदर्शनकारियों को आगे बढऩे से रोकने के लिए पुलिस ने चारों दिशाओं में बैरिकेड लगाए थे और भारी बंदोबस्त किया गया था। प्रदर्शनकारी बैरिकेड हटाकर आगे बढऩे का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विधानसभा में विपक्ष के उपनेता अरविंद बेल्लद, विधायक महेश टेंगिनकाई, श्रीराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मुतालिक समेत 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को पुराने सीएआर मैदान ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान होमगार्ड की एक महिला कर्मी को चोट लगी।

सडक़ हटाने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मंदिर की पुष्करणी के स्थान पर बनाई गई सडक़ को हटाकर स्थल की खुदाई कराई जाए। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
विधायक अरविंद बेल्लद, महेश टेंगिनकाई और प्रमोद मुतालिक ने महानगर निगम, पुरातत्व विभाग और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए तीखी आलोचना की। प्रदर्शन के दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘जय शंकर भवानी शंकर’ के नारे लगाए गए।

समिति के संयोजक सुधाकर शेट्टी, सह-संयोजक जयतीर्थ कट्टी, दत्तमूर्ति कुलकर्णी, संतोष चव्हाण, शिवु मेणसिनकाई, बसवराज कुंदगोलमठ और प्रभु नवलगुंदमठ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए इलाके में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

