मदीना शादी महल में विभिन्न समुदायों की सहभागिता
रमजान के महत्व पर डाला प्रकाश
इलकल. शहर में मंगलवार शाम मदीना शादी महल में कर्नाटक वीरशैव लिंगायत विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक विजयानंद काशप्पनवर के एसआरके प्रतिष्ठान की ओर से भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की सुंदर मिसाल प्रस्तुत की। वक्ताओं ने पवित्र रमजान माह और रोजे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रमजान के दौरान मुस्लिम धर्मावलंबी रोजा रखकर अधिक समय इबादत में व्यतीत करते हैं तथा आत्मसंयम, सेवा और भाईचारे का संदेश देते हैं।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि इलकल शहर सदैव से हिन्दू-मुस्लिम एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे आयोजन आपसी संबंधों को और मजबूत बनाते हैं।
इस अवसर पर कर्नाटक वीरशैव लिंगायत विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक विजयानंद काशप्पनवर, सैयद मुर्तुजा कादरी दरगाह के सज्जादानशीन फैसलपाशा, शरणप्पा आमदीहाल, अब्दुल रज्जाक तटगार, रामगिरीमठ, राघवेंद्र चिंचमी, बाबूसाब शिवनगुत्ती, अहमद बागवान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक दुआ के साथ हुआ।

