धारवाड़ में जल्द खुलेगा आधार सेवा प्रबंधन केंद्रआधार सेवा प्रबंधन केंद्र। सांदर्भिक फोटो

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की पहल

लाखों नागरिकों को मिलेगी राहत

हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद प्रल्हाद जोशी ने कहा कि धारवाड़ जिले के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। पहले बंद हो चुके धारवाड़ आधार सेवा प्रबंधन केंद्र को पुन: शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। धारवाड़ शहर में शीघ्र ही आधार सेवा प्रबंधन केंद्र की स्थापना की जाएगी।

सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए प्रल्हाद जोशी ने बताया कि पहले राज्य में केवल छह जिलों में ही आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे थे। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक जिले में एक-एक केंद्र के लक्ष्य से 19 नए आधार सेवा केंद्र स्थापित किए हैं।

नियम के चलते बंद हुआ था धारवाड़ केंद्र

जिले में केवल एक आधार सेवा केंद्र की नीति लागू होने के कारण हुब्बल्ली में केंद्र जारी रहा, जबकि धारवाड़ स्थित आधार सेवा केंद्र को बंद कर दिया गया था। इससे धारवाड़ जिले के नागरिकों को आधार नामांकन, संशोधन और अन्य सेवाओं के लिए हुब्बल्ली जाना पड़ता था, जिससे भारी असुविधा हो रही थी।

विशेष प्रकरण के रूप में मिली मंजूरी

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रल्हाद जोशी ने केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर धारवाड़ में आधार सेवा केंद्र को विशेष प्रकरण के तौर पर पुन: शुरू करने का अनुरोध किया था। इस मांग को हुब्बल्ली-धारवाड़ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक अरविंद बेल्लद का भी समर्थन मिला।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उनकी अपील पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अश्विनी वैष्णव ने धारवाड़ जिले में आधार सेवा प्रबंधन केंद्र की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।

जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

आधार सेवा प्रबंधन केंद्र की स्थापना के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके शुरू होने से लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और आधार से जुड़े कार्यों के लिए अब उन्हें दूर की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

प्रल्हाद जोशी ने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए स्वीकृति प्रदान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति उत्तर कर्नाटक की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *