दक्षिण कन्नड़ में एसआइआर, गृहज्योति पुन: सत्यापन और फसल बीमा पंजीकरण साथ-साथ
एसआइआर की नई अंतिम तिथि 7 अगस्त, गृहज्योति के लिए 31 अगस्त तक समय
पुत्तूर (दक्षिण कन्नड़)। दक्षिण कन्नड़ जिले में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और धान की रोपाई के बीच तीन महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का कार्य एक साथ तेजी से चल रहा है। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआइआर), गृहज्योति योजना का पुन: सत्यापन तथा मौसम आधारित फसल बीमा पंजीकरण को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। लगभग हर परिवार किसी न किसी योजना से जुड़ा होने के कारण गांवों में व्यस्तता और भागदौड़ का माहौल है।
एसआइआर अंतिम चरण में
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर भरे हुए प्रपत्र एकत्र कर उन्हें ऑनलाइन अपलोड कर रहे हैं। पहले इसकी अंतिम तिथि 31 जुलाई थी, जिसे बढ़ाकर 7 अगस्त कर दिया गया है। जिलाधिकारी दर्शन ने भी मतदाताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द प्रपत्र जमा करने की अपील की है।
गृहज्योति का 50 प्रतिशत कार्य पूरा
मेस्कॉम के पुत्तूर प्रभाग के कार्यकारी अभियंता रामचंद्र ए. के अनुसार पुत्तूर, कडबा और सुल्या तालुकों में गृहज्योति योजना के पुन: सत्यापन का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रभाग के 1.16 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं में से करीब 60 हजार अपना सत्यापन करा चुके हैं। नेटवर्क बाधाओं और घरों में लोगों की अनुपस्थिति को देखते हुए कई स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर पंजीकरण कराया जा रहा है। 350 कर्मचारी इस कार्य में लगे हैं और 31 अगस्त तक शेष प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
फसल बीमा के लिए भी अंतिम चरण
जिले के सुपारी और काली मिर्च उत्पादक किसान प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के माध्यम से मौसम आधारित फसल बीमा योजना में पंजीकरण करा रहे हैं। इस योजना के लिए 31 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित है। पिछले नौ वर्षों से योजना लागू होने के कारण किसान प्रक्रिया से परिचित हैं और पंजीकरण सुचारु रूप से चल रहा है।
पुत्तूर तालुक पंच गारंटी क्रियान्वयन समिति के उमानाथ शेट्टी ने कहा कि जुलाई के अंत में शेष लाभार्थियों की संख्या का आकलन कर आवश्यकता पडऩे पर ग्राम पंचायत कार्यालयों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। फिलहाल तीनों योजनाओं का कार्य संतोषजनक गति से आगे बढ़ रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

