दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष विद्यालय बनेगा
समावेशी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और व्यावसायिक प्रशिक्षण एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की पहल
विजयपुर. विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बीएलडीई संस्था ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए संभव ट्रस्ट के साथ द्विपक्षीय समझौता किया है। इस समझौते के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र और विशेष विद्यालय की स्थापना की जाएगी।
बीएलडीई संस्था के प्रधान सचिव एवं विधान परिषद सदस्य सुनीलगौड़ा पाटिल तथा संभव ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।
समावेशी शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर
सुनीलगौड़ा पाटिल ने कहा कि समझौते के अनुसार संभव ट्रस्ट परिसर में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन में दिव्यांग बच्चों के लिए नया विद्यालय शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोडऩा है। विद्यालय और प्रशिक्षण केंद्र की औपचारिक शुरुआत की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को नि:शुल्क स्कूल किट एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने वाले संभव ट्रस्ट के सहयोग से इस सामाजिक पहल को साकार किया जा रहा है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ चिकित्सा सेवाएं, व्यावसायिक प्रशिक्षण और जीवन कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं भी
इस परियोजना के अंतर्गत विशेष शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण, स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, सहायक शिक्षण सामग्री, अभिभावकों के लिए मार्गदर्शन एवं नियमित परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बच्चों की व्यक्तिगत क्षमता के अनुरूप शिक्षण पद्धति अपनाई जाएगी, ताकि उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन के लिए तैयार किया जा सके।
सुनीलगौड़ा पाटिल ने उद्योगपति राजेंद्र रुणवाल द्वारा इस परियोजना के लिए बहुमूल्य भूमि उपलब्ध कराने की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय सामाजिक सेवा बताया।
इस अवसर पर अभिनव रुणवाल, बीएलडीई चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जयराज, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राघवेंद्र कुलकर्णी, डॉ. आई.एस. कालप्पनवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

