बेंग्रे के सरकारी हाईस्कूल में नई कक्षा शुरू
पाठ्यपुस्तकों और अतिरिक्त शिक्षकों का इंतजार
मेंगलूरु. शहर के निकट द्वीप क्षेत्र बेंग्रे स्थित सरकारी हाईस्कूल में इस शैक्षणिक वर्ष से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू हो गई है, लेकिन प्रशिक्षित शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने इस पहल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले वर्ष आठवीं कक्षा में 12 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिससे स्थानीय गरीब परिवारों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढऩे का अवसर मिला है।
फिलहाल अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों को पढ़ाने की जिम्मेदारी कन्नड़ माध्यम के शिक्षकों पर है। शिक्षा विभाग ने अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति से इनकार करते हुए मौजूदा शिक्षकों को ही दोनों माध्यमों की जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, स्कूल खुलने के कई दिन बाद भी अंग्रेजी माध्यम की पाठ्यपुस्तकें विद्यार्थियों तक नहीं पहुंची हैं।
भवन और खेल मैदान का भी अभाव
स्कूल में नई कक्षाओं के लिए पर्याप्त कमरे नहीं हैं। अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं फिलहाल पुस्तकालय में संचालित की जा रही हैं। विद्यालय में कम से कम तीन अतिरिक्त कक्षाओं, एक सभागार और समुचित खेल मैदान की आवश्यकता बताई गई है। स्कूल परिसर की दो दिशाओं में अब भी चारदीवारी नहीं होने से सुरक्षा संबंधी चिंता भी बनी हुई है।
कार्यालयी काम से भी बढ़ती है परेशानी
द्वीप क्षेत्र में स्थित होने के कारण शिक्षकों को विभागीय कार्यों के लिए नाव से शहर आना-जाना पड़ता है, जिससे पूरा दिन इसी में खर्च हो जाता है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इससे शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित होते हैं।
स्कूल विकास एवं प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) के सदस्य तैय्यब ने कहा कि गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। यदि प्रमुख विषयों के लिए कम से कम एक अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराया जाए तो शिक्षा की गुणवत्ता और बेहतर हो सकती है।
अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने की संभावना फिलहाल नहीं
अंग्रेजी माध्यम के लिए अलग से अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराने की संभावना फिलहाल नहीं है। मौजूदा शिक्षक ही अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं संभालेंगे और विभाग से औपचारिक अनुमति मिलने की प्रक्रिया जारी है।
–जेम्स कुटिन्हा, क्षेत्र शिक्षा अधिकारी, मेंगलूरु उत्तर
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
